स्वतंत्रता दिवस पर गुरुग्राम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 4500 पुलिसकर्मी तैनात; चप्पे चप्पे पर नजर
स्वतंत्रता दिवस को लेकर गुरुग्राम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जिले में यातायात पुलिस समेत करीब 4500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. 11 प्रमुख नाकों पर विशेष नाकाबंदी शुरू हो चुकी है. समारोह स्थलों, वीआईपी रूट, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी.
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है. वीआईपी मूवमेंट और समारोह स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए जिले में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. पुलिस के अनुसार 13 अगस्त शाम चार बजे से जिले के 11 प्रमुख नाकों पर विशेष नाकाबंदी शुरू कर दी गई है. यह व्यवस्था स्वतंत्रता दिवस समारोह समाप्त होने तक जारी रहेगी. इन नाकों पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जाएगी.
4500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी
गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. इनमें यातायात पुलिस के जवान भी शामिल हैं. प्रमुख समारोह स्थलों, वीआईपी रूट, प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के लिए जवानों को विशेष निर्देश दिए गए हैं.
गुरुग्राम का मुख्य जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सेक्टर 38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. यहां हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ध्वजारोहण करेंगे. समारोह को देखते हुए स्टेडियम के आसपास सुरक्षा की कई लेयर तैयार की गई हैं. वीआईपी और आम लोगों के लिए अलग अलग प्रवेश व्यवस्था रहेगी. प्रवेश द्वार पर विशेष जांच की जाएगी. महिला आगंतुकों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ फ्रिस्किंग कैबिन की भी व्यवस्था की गई है.
Also Read
ऊंची इमारतों से भी रखी जाएगी नजर
सुरक्षा व्यवस्था का सबसे अहम हिस्सा रूफटॉप ड्यूटी भी है. समारोह स्थलों के आसपास मौजूद ऊंची इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा वीआईपी रूट की एंटी सैबोटाज चेकिंग भी कराई गई है. सड़क किनारे के क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और समारोह स्थल के आसपास आउटर कार्डन बनाया गया है. किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए क्यूआरटी यानी क्विक रिस्पांस टीम को भी तैनात किया गया है.
11 जगहों पर विशेष नाकाबंदी
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने 11 प्रमुख नाका प्वाइंट चिन्हित किए हैं. यहां पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च और वायरलेस सेट के साथ तैनात रहेंगे. संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की जाएगी. जरूरत पड़ने पर पुलिस अतिरिक्त नाके भी लगा सकती है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच के दौरान जवानों का सहयोग करें और अपने साथ कोई संदिग्ध सामान लेकर समारोह स्थल पर न पहुंचें.
सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ समारोह स्थलों तक सीमित नहीं है. स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर होटल, सराय, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, मॉल और क्लबों की भी विशेष जांच की जा रही है. पुलिस संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रख रही है. समारोह स्थल के अंदर संदिग्ध बैग, सामान या अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी.