फरीदाबाद में पड़ोसन पर उबलता पानी फेंक कर कमरे में बनाया बंधक! कपल पर लगे गंभीर आरोप
फरीदाबाद में 23 वर्षीय महिला ने अपने पड़ोसियों पर उबलता पानी डालने और इसके बाद कमरे में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है. महिला करीब 50 प्रतिशत झुलस गई और उसका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है.
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक महिला के साथ कथित तौर पर बर्बरता करने का मामला सामने आया है. एक शादीशुदा जोड़े पर अपनी पड़ोसन के ऊपर उबलता पानी डालने और इसके बाद उसे कई दिनों तक कमरे में बंद रखने का आरोप लगा है.
पुलिस ने सूचना मिलने के बाद पीड़िता को कमरे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका पति फरार बताया जा रहा है.
उबलते पानी से गंभीर रूप से झुलसी महिला
पुलिस के अनुसार पीड़िता की पहचान 23 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है. आरोप है कि 16 अगस्त की सुबह करीब चार बजे उस पर उबलता पानी डाल दिया गया. इससे उसके शरीर का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया. उसके सीने और हाथों पर गंभीर छाले पड़ गए.
Also Read
घटना के बाद भी कथित तौर पर उसे इलाज के लिए बाहर नहीं जाने दिया गया. पीड़िता का आरोप है कि उसे कमरे के अंदर बंद कर दिया गया और उसका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया गया.
बीके अस्पताल से सफदरजंग रेफर
पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और महिला को रेस्क्यू किया गया. उसे उपचार के लिए पहले बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया.
फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है. गंभीर हालत के कारण पुलिस अभी उसका विस्तृत बयान दर्ज नहीं कर सकी है. पुलिस की एक टीम जल्द ही अस्पताल जाकर उसका बयान दर्ज करेगी.
रिपोर्ट में क्या आया सामने?
जानकारी के मुताबिक प्रीति बिहार के शाहपुर के टिक्का टोला की रहने वाली है. उसके अंकल-इन-लॉ पंकज के अनुसार, करीब दो साल पहले उसकी शादी फरीदाबाद के कुरेशीपुर निवासी रोहित से हुई थी. दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और करीब दो महीने पहले प्रीति अपने पति से अलग हो गई थी.
इसके बाद वह अपने पड़ोसी धर्मेंद्र और ललिता के संपर्क में आई और करीब दो महीने से उनके घर पर रह रही थी. इसी दौरान उसके साथ यह घटना होने का आरोप है.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धौज थाने में धर्मेंद्र और ललिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. आरोपी ललिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि धर्मेंद्र की तलाश की जा रही है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पीड़िता का बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.