फरीदाबाद में कंस्ट्रक्शन साइट पर गिरी भारी क्रेन, दो मजदूरों की मौत; बचाव कार्य जारी

नोएडा के जेवर एयरपोर्ट को फरीदाबाद से जोड़ने वाले फ्लाईओवर के निर्माण में काम कर रही एक भारी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया.

ANI X
Shilpa Srivastava

फरीदाबाद: नोएडा के जेवर एयरपोर्ट को फरीदाबाद से जोड़ने वाले फ्लाईओवर के निर्माण में काम कर रही एक भारी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया. यह क्रेन अचानक पलट गई और इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई. वहीं, यहां पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की संभावना है. पुलिस ने बताया कि क्रेन का इस्तेमाल एक फ्लाईओवर बनाने के लिए किया जा रहा था, जो नोएडा के जेवर एयरपोर्ट को फरीदाबाद से जोड़ेगा.

यह हादसा गुरुवार शाम को हुआ. इसके बाद साइट पर अफरातफरी मच गई. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. कंस्ट्रक्शन वर्करों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्होंने बचाव कार्य शुरू किया. क्रेन को उठाने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है. घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. 

जमीन पर फिसलन के चलते बिगड़ा क्रेन का संतुलन:

चश्मदीदों के अनुसार, दिन में काफी तेज बारिश हुई थी, जिस वजह से जमीन कीचड़ से भर गया था और फिसलन हो गई थी. फिर जब बारिश रुकी, तो मजदूर काम पर लौट आए. जब ​​क्रेन फ्लाईओवर के लिए भारी गर्डर उठा रही थी, तो अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह पलट गई.

अब तक दो मजदूरों की हो चुकी है मौत:

जब यह हादसा हुआ तो क्रेन के पास करीब 6 से 7 मजदूर मौजूद थे. इनमें तीन से 4 लोग क्रेन के नीचे दब गए थे. पुलिस ने पुष्टि कर बताया है कि अब तक दो मजदूरों की मौत हो चुकी है. वहीं, राहत बचाव कार्य अब भी जारी है. अधिकारियों ने कहा कि नुकसान और पीड़ितों की संख्या की पूरी जानकारी बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही पता चलेगी. फरीदाबाद पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि क्रेन गिरने के कारण की जांच की जा रही है.