अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा बुलडोजर, गुरुग्राम के इन सेक्टरों में सोमवार से शुरू होगा एक्शन
एचएसवीपी का कहना है कि ये सभी अवैध निर्माण सार्वजनिक सड़कों, पार्कों और खुले स्थानों पर अतिक्रमण कर रहे हैं. इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और शहर की सुंदरता बिगड़ रही है. नियमित सेक्टरों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सख्त कदम उठाया जा रहा है.
हरियाणा: गुरुग्राम में 51 सेक्टरों में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलने वाला है. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू करने का फैसला किया है. सोमवार 27 अप्रैल से यह अभियान शुरू होगा, जो जुलाई महीने तक चल सकता है. एचएसवीपी की संपदा अधिकारी डॉ. अनुपमा मलिक और राकेश सैनी के नेतृत्व में यह बुलडोजर अभियान चलेगा.
अधिकारियों ने सभी प्रभावित निवासियों से अपील की है कि वे खुद ही अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटा लें, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो. डॉ. अनुपमा मलिक ने सेक्टर-34 स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि इस अभियान के तहत सड़कों पर बनाए गए अवैध रैंप, किचन गार्डन, निजी पार्क, गमले, रेहड़ी, कियोस्क और अन्य अवैध संरचनाएं हटाई जाएंगी.
व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े अतिक्रमण भी इस कार्रवाई में शामिल होंगे. पहले चरण की कार्रवाई (27 अप्रैल से 8 मई तक)एचएसवीपी ने पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया है. इन टीमों द्वारा विभिन्न सेक्टरों में बुलडोजर चलाया जाएगा.
27 और 28 अप्रैल: सेक्टर 24, 25ए, 27, 43, 31-32ए और 30
29 और 30 अप्रैल: सेक्टर 39, 45, 28, 42 और 51
4 और 5 मई: सेक्टर 57, 49, 50, 38, 46, 40 और 41
6 और 7 मई: सेक्टर 52, 47, 55, 56, 52ए और 53
8 मई: सेक्टर 54, 29, 32 और 44
ये कुल 29 सेक्टर पहले चरण में शामिल हैं. दूसरे चरण में 22 सेक्टर (राकेश सैनी के नेतृत्व में)एचएसवीपी के संपदा अधिकारी राकेश सैनी ने बताया कि उनके कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 22 सेक्टरों में भी कार्रवाई होगी. यह अभियान 1 जुलाई तक चलेगा. सोमवार से शुरू होने वाली इस कार्रवाई में शामिल प्रमुख सेक्टर इस प्रकार हैं:-
सेक्टर-21 (27 और 28 अप्रैल)
सेक्टर-4 (30 अप्रैल और 1 मई)
सेक्टर-5 (4 मई)
सेक्टर-3 (6 मई)
सेक्टर-6 (8 मई)
सेक्टर-7 (11 और 14 मई)
सेक्टर-7 एक्सटेंशन (15 और 18 मई)
सेक्टर-9 (19 और 20 मई)
सेक्टर-9ए (21 और 22 मई)
सेक्टर-10 (25 और 26 मई)
सेक्टर-10ए (28 और 29 मई)
इसके अलावा सेक्टर-12ए, 14, 15 (पार्ट-1 और पार्ट-2) आदि में भी जून महीने में तोड़फोड़ की जाएगी.
क्यों हो रही है यह कार्रवाई?
एचएसवीपी का कहना है कि ये सभी अवैध निर्माण सार्वजनिक सड़कों, पार्कों और खुले स्थानों पर अतिक्रमण कर रहे हैं. इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और शहर की सुंदरता बिगड़ रही है. नियमित सेक्टरों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सख्त कदम उठाया जा रहा है. पहले ही डीटीपीई अमित मधोलिया की टीम ने पांच दिनों में साढ़े सात हजार मकानों के सामने से अवैध निर्माण हटाए हैं. अब बड़े स्तर पर यह अभियान पूरे 51 सेक्टरों में फैलाया जा रहा है.
निवासियों से अपील की गई है कि वे स्वयं अपने अवैध रैंप, गार्डन और अन्य संरचनाएं हटा लें. अगर वे ऐसा नहीं करते तो बुलडोजर कार्रवाई के दौरान उनका सामान भी क्षतिग्रस्त हो सकता है. यह अभियान गुरुग्राम को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.