चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी रोजगार की योजना को तेजी से आगे बढ़ाया है. अग्निवीरों के पहले बैच की चार साल की सैन्य सेवा पूरी होने के बाद राज्य सरकार ने सभी विभागों से उनके लिए आरक्षित पदों का पूरा ब्यौरा मांग लिया है.
सामान्य प्रशासन विभाग की मानव संसाधन-2 शाखा ने 25 अगस्त को आदेश जारी किया. इसमें सभी विभागों, बोर्डों और निगमों से कहा गया है कि वे 26 अगस्त दोपहर तीन बजे तक निर्धारित प्रोफार्मा में जानकारी भेजें. सरकार इस जानकारी के आधार पर तय करेगी कि पूर्व अग्निवीरों के लिए कितने पद खाली हैं, किन विभागों में उपलब्ध हैं और भर्ती कब शुरू हो सकती है.
विभागों को सिर्फ रिक्त पदों की संख्या बताने को नहीं कहा गया है. उन्हें पद का नाम, आरक्षण का प्रतिशत, संभावित रिक्तियों की संख्या, श्रेणीवार विवरण और भर्ती का प्रस्तावित महीना भी देना होगा. यूआर, ओएससी, डीएससी, बीसी-ए, बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस वर्गों के अनुसार अलग-अलग रिक्तियों का ब्योरा मांगा गया है.
हरियाणा से अग्निवीर योजना के पहले बैच में 1,373 युवा शामिल हुए थे. इनकी सेवा अवधि पूरी होने के साथ ही राज्य सरकार उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सक्रिय हो गई है. सरकार का लक्ष्य है कि इन युवाओं को सेना से लौटने के बाद जल्द सरकारी नौकरी मिल सके. एचपीएससी और एचएसएससी की आगामी भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों के लिए अलग कोटा जोड़ने की भी तैयारी चल रही है. इसके अलावा संभावित भर्ती कैलेंडर भी तैयार किया जा रहा है, जिससे भर्ती प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से चल सके.
सरकारी सूत्रों के अनुसार यह कदम अग्निवीर योजना के तहत सेवा पूरी करने वाले युवाओं को रोजगार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है. विभागों से मांगी गई जानकारी के आधार पर जल्द स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी कि कितने पद उपलब्ध हैं और भर्ती प्रक्रिया कब शुरू होगी.