West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

भिवानी में दर्दनाक हादसा: शादी से लौट रहे दो दोस्तों की बाइक पेड़ से टकराई, एक की मौत

भिवानी में शादी से लौट रहे दो दोस्तों की बाइक पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में एक की मौत हो गई. वहीं दूसरा दोस्त घायल है.

X
Ashutosh Rai

हरियाणा के भिवानी जिले के जुई इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों दोस्त एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर रोहतक लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल बेकाबू होकर हादसे का शिकार हो गई. इस दुखद घटना ने स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी. अस्पताल में बिजली न होने के कारण घायल का इलाज मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में करना पड़ा.

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

हादसे में घायल हुए प्रदीप ने बताया कि वह अपने दोस्त सुखदेव के साथ जीतपुरा गांव में एक शादी में शामिल होने गया था. सुबह करीब 4 बजे दोनों मोटरसाइकिल से वापस महम के लिए निकले. जुई से करीब 2 किलोमीटर आगे निकलने पर एक मंदिर के पास सड़क पर एक पेड़ गिरा हुआ था. अंधेरे के कारण उनकी बाइक सीधा उस पेड़ से जा टकराई. इस टक्कर में सुखदेव को गंभीर चोटें आईं और उसकी जान चली गई, जबकि प्रदीप बुरी तरह घायल हो गया.

मोबाइल की टॉर्च में हुआ इलाज

हादसे के बाद घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जुई के अस्पताल ले जाया गया. वहां की बदहाली ने पीड़ित परिवार और दोस्तों को हैरान कर दिया. अस्पताल में उस वक्त लाइट नहीं थी. ऐसे आपातकालीन समय में मजबूरी में लोगों को अपने मोबाइल फोन की टॉर्च जलानी पड़ी और उसी रोशनी में घायल प्रदीप का प्राथमिक उपचार किया गया.

पुलिस की जांच में सामने आई ये बात

जुई कलां थाने के जांच अधिकारी रणबीर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को घटना की ऑनलाइन सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत सामान्य अस्पताल पहुंची. वहां पुलिस ने मृतक सुखदेव के भाई मनोज की लिखित शिकायत दर्ज की है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

परिजनों की ओर से दी गई शिकायत. फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.