Delhi Weather: दिल्ली वालों के लिए बड़ी राहत, आज फिर होगी झमाझम बारिश; 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

दिल्ली एनसीआर में मानसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर रुक रुक कर बारिश हो सकती है. तेज हवाएं 50 किमी प्रति घंटे तक चलने की संभावना है, जबकि अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है.

X
Babli Rautela

दिल्ली और एनसीआर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मंगलवार को हुई बारिश के बाद राजधानी का मौसम पूरी तरह बदल गया है. भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है. बुधवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा. भारतीय मौसम विभाग ने आज भी दिनभर बारिश, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है.

बुधवार सुबह राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार दिन में अलग अलग समय पर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. सुबह और दोपहर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि शाम और रात में एक और दौर सक्रिय हो सकता है. इससे तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है.

50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने बताया है कि बारिश के दौरान गरज चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. सामान्य तौर पर हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ स्थानों पर झोंकों की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और कमजोर पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.


पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हुई. बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि बढ़ी हुई नमी के कारण कई इलाकों में उमस बनी रही. अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि न्यूनतम आर्द्रता 60 प्रतिशत दर्ज की गई. मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा. शाम तक राजधानी में 11.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.

अगले तीन दिनों तक रहेगा राहत भरा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में धीरे धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले दो दिनों तक गिरावट देखने को मिल सकती है. इससे राजधानी में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना बना रहेगा.

बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बिजली चमकने और तेज हवा चलने के दौरान खुले मैदानों, बिजली के खंभों और बड़े पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है. वहीं वाहन चालकों को जलभराव वाले रास्तों से बचकर चलने और सावधानी के साथ सफर करने की सलाह दी गई है.