menu-icon
India Daily

गोलियों से दहला दिल्ली का आरके पुरम, पुलिस की मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर 'दरिंदा' समेत 2 बदमाश गिरफ्तार

दिल्ली के आरके पुरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ है. दोनों से पूछताछ जारी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
गोलियों से दहला दिल्ली का आरके पुरम, पुलिस की मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर 'दरिंदा' समेत 2 बदमाश गिरफ्तार
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आरके पुरम इलाके में उस समय अफरा तफरी मच गई जब पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. देर रात अचानक चली गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई. यह मुठभेड़ आरके पुरम थाना क्षेत्र में हुई, जहां पहले से पुलिस अलर्ट मोड पर थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरके पुरम थाना पुलिस को इनपुट मिला था कि दो बदमाश इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए आने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में ट्रैप लगाया और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी.

जैसे ही दोनों बदमाश पुलिस टीम के नजदीक पहुंचे, उन्हें रुकने और सरैंडर करने के लिए कहा गया. पुलिस के अनुसार बदमाशों ने खुद को घिरा देख भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी.

सेल्फ डिफेंस में पुलिस की जवाबी कार्रवाई

बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. घायल बदमाश को मौके पर ही काबू में कर लिया गया. वहीं उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. पैर में गोली लगने के बाद घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

पूछताछ के दौरान घायल बदमाश ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने पुलिस को बताया कि उसने अपना नाम बदलकर दरिंदा रख लिया था. पुलिस के अनुसार यह बदमाश पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है.

लूट और दूसरे मामलों में शामिल होने का शक

शुरूआती जांच में सामने आया है कि दरिंदा पर रॉबरी और कई दूसरे आपराधिक वारदातों में शामिल होने का शक है. पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किन किन वारदातों में शामिल रहा है. पुलिस ने दूसरे गिरफ्तार बदमाश से भी पूछताछ शुरू कर दी है. उससे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे. साथ ही इनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.