पीएम मोदी के सत्ता में 25 साल पूरे, दिल्ली में BJP का कार्यक्रम; इन सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में 25 साल पूरे हो गए है. इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) बुधवार को दिल्ली में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में 25 साल पूरे हो गए है. इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) बुधवार को दिल्ली में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है. प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर की शुरुआत गुजरात से हुई थी. इसके बाद उन्होंने देश की कमान संभाली. इस खास मौके पर इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में बीजेपी का मुख्य सेवा ज्योति कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.

इस प्रोग्राम को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक को लेकर एडवाइजरी जारी की है. पुलिस के मुताबिक, सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है या ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर भेजा जा सकता है.

इन इलाकों में रहेगा ट्रैफिक प्रभावित:

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है. बता दें कि दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद, विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेता इस प्रोग्राम में शामिल हो सकते हैं. प्रोग्राम से पहले दिल्ली के अलग-अलग संगठनात्मक मंडलों से बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुलूस भी कार्यक्रम स्थल की ओर पहुंचेंगे. इस वजह से पुलिस ने लोगों को इन रास्तों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.


किन रास्तों पर ज्यादा असर?

  • शांति वन क्रॉसिंग

  • राजघाट

  • भैरों मार्ग

  • गीता कॉलोनी फ्लाईओवर

  • आईपी फ्लाईओवर

  • सलीमगढ़ बाईपास 

  • डब्ल्यू-पॉइंट से दिल्ली गेट 

  • दिल्ली गेट से राजघाट के बीच जेएलएन मार्ग 

  • राजघाट-किसान घाट

  • पावर हाउस रोड

  • आईपी मार्ग

  • विकास मार्ग

सुबह 6 बजे से कुछ रास्ते बंद:

पुलिस के अनुसार, परिचालन जरूरत के आधार पर सचिवालय रोड और वेलोड्रोम रोड पर सुबह 6 बजे से वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बुधवार सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक इन प्रमुख मार्गों से गुजरने से बचें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.

सड़क पर पार्किंग से बचें:

ट्रैफिक एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि प्रभावित सड़कों और आसपास के मार्गों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. अगर किसी वाहन को प्रतिबंधित क्षेत्र में खड़ा पाया गया तो उसे हटाया या जब्त किया जा सकता है और वाहन मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है.