Sawan 2026 Commonwealth Games 2026

लाल किले और बड़े मंदिरों पर हमले की प्लानिंग कर रहा लश्कर! पाकिस्तानी आतंकी समूह की खुली पोल

नई दिल्ली में एक बार फिर से धमाके की प्लानिंग की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा लाल किले और चांदनी चौक के एक मंदिर को उड़ाने की प्लानिंग कर रहा है.

ANI
Shanu Sharma

नई दिल्ली: सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान का आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा, दिल्ली को उथल-पुथल करने की प्लानिंग कर रहा है. मिल रही जानकारी के मुताबिक पाक आतंकी संगठन इस बार लाल किला और चांदनी चौक के एक मंदिर पर हमले की प्लानिंग बना रहा है. याद दिला दें कि अभी दो महीने पहले चांदनी चौक में एक गाड़ी के अंदर धमका हुआ था. जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी.

सूत्रों की मानें तो इस बार फिर से LeT एक IED हमले की प्लानिंग कर रहा है. इस प्लांड धमाके को 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए ब्लास्ट का बदला बताया जा रहा है. हालांकि अभी आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है. 

इस्लामाबाद में हुए हमले का बदला लेने की तैयारी

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुए ब्लास्ट की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ग्रुप ने ली थी. इसके बाद भी लश्कर इसका बदला भारत से लेना चाहता है. हालांकि इससे पहले 10 नवंबर, 2025 को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास एक धमाका हुआ था. जिसमें 12 लोगों की जान चली गई थी. तीन महीने पहले किए गए कार धमाके के बाद अब फिर से एक नए हमले की तैयारी की जा रही है. लाल किले के पास हुए धमाके में दर्जनों लोग घायल भी हो गए थे. वहीं डीएनए टेस्ट के नतीजे में पता चला था कि इस हमले के पीछे फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में डॉक्टर उमर मोहम्मद उर्फ ​​उमर उन नबी उस कार में बैठा था. दिल्ली में हुए धमाके के बाद फरीदाबाद में अमोनियम नाइट्रेट समेत 2,900 kg विस्फोटक भी मिले थे .


दिल्ली ब्लास्ट में अबतक क्या हुआ?

दिल्ली ब्लास्ट मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनकी पहचान अमीर राशिद मीर, जसीर बिलाल वानी, मुफ़्ती इरफ़ान अहमद वागे, डॉ. मुज़म्मिल शकील गनी, डॉ. अदील अहमद राथर, डॉ. शाहीन सईद और सोयब के तौर पर की गई है. वहीं इनकी ज्यूडिशियल कस्टडी 13 मार्च तक बढ़ा दी गई थी. इस मामले की जांच अभी भी की जा रही है. वहीं सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है.