दिल्ली में मौसम का बड़ा उलटफेर, बारिश, कोहरा और तेज हवाओं ने बदला मिजाज, 9 दिन में 15 डिग्री तक गिरा तापमान
दिल्ली एनसीआर में मार्च के महीने में अचानक मौसम बदल गया है. लगातार बारिश, तेज हवाओं और कोहरे की वजह से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है.
दिल्ली एनसीआर में मार्च का महीना आमतौर पर गर्मी की शुरुआत के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार मौसम ने सभी को चौंका दिया. पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही हल्की बारिश, तेज हवाओं और घने कोहरे ने पूरे इलाके को ठंड जैसा एहसास करा दिया. शनिवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई और लोगों को जनवरी जैसा मौसम महसूस हुआ. तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री तक पहुंच गया.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 9 दिनों में तापमान में करीब 15 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है. शुक्रवार को अधिकतम तापमान गिरकर 21.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी कम है. यह गिरावट पिछले 6 सालों में मार्च महीने की सबसे ठंडी स्थिति मानी जा रही है. इससे पहले ऐसा ठंडा दिन साल 2020 में दर्ज किया गया था.
बारिश और हवाओं से साफ हुई दिल्ली की हवा
लगातार 3 दिनों तक हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर केवल तापमान पर ही नहीं बल्कि हवा की गुणवत्ता पर भी पड़ा है. दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक सुधरकर संतोषजनक स्तर पर पहुंच गया. करीब पांच महीनों बाद लोगों को इतनी साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला. हालांकि कुछ इलाकों में शनिवार सुबह AQI फिर से 179 तक पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में आता है.
ईद के दिन कोहरे में ढकी जामा मस्जिद
ईद के मौके पर दिल्ली की जामा मस्जिद भी घने कोहरे की चादर में ढकी नजर आई. इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचे. कोहरे और ठंड के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी, लेकिन मौसम ने त्योहार के माहौल को अलग ही रूप दे दिया. जहां एक तरफ शहर के लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह मौसम परेशानी लेकर आया है. फरीदाबाद और आसपास के ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा और बारिश के कारण खेतों में काम प्रभावित हुआ है. भीगी हुई फसल सूख नहीं पा रही है, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है. जो किसान लावणी का काम शुरू कर चुके थे, उन्हें अब मौसम साफ होने का इंतजार करना पड़ रहा है. अनुमान है कि काम दोबारा शुरू होने में तीन से चार दिन का समय लग सकता है.
आने वाले दिनों कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 22 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है. आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि भारी बारिश की उम्मीद नहीं है. इसके बाद तापमान में धीरे धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री के बीच पहुंच सकता है.
दिल्ली एनसीआर में इस बार मार्च का मौसम लोगों के लिए एक अनोखा अनुभव बन गया है. जहां आमतौर पर गर्मी बढ़ती है, वहीं इस बार ठंड, कोहरा और बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया. लोग इसे मिनी विंटर कहकर सोशल मीडिया पर चर्चा कर रहे हैं.