10 महीने की बच्ची का ‘किडनैप’ केस निकला मर्डर, पिता पर लगा हत्या का आरोप
दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में 10 महीने की बच्ची के कथित अपहरण का मामला अब हत्या में बदल गया है. पुलिस जांच में बच्ची के पिता पर हत्या का आरोप सामने आया है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
नई दिल्ली: दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से सामने आया 10 महीने की बच्ची के कथित अपहरण का मामला अब बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गया है. शुरुआती जांच में जिस घटना को किडनैपिंग बताया जा रहा था, अब पुलिस को शक है कि बच्ची की हत्या उसके ही पिता ने की है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी पिता ने शनिवार और रविवार की रात अपनी पत्नी और बड़ी बेटी को खाने या पीने की चीज में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया था. दोनों के बेहोश होने के बाद उसने कथित रूप से अपनी 10 महीने की मासूम बच्ची की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि बाद में शव को एक सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया.
परिजनों ने क्या बताया?
रविवार सुबह परिवार की ओर से पुलिस को सूचना दी गई थी कि बच्ची लापता हो गई है. परिवार ने दावा किया था कि बच्ची के पिता दूध लेने बाहर गए थे और जब वह लौटे तो बच्ची घर में नहीं मिली. इसके बाद पुलिस ने तुरंत इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था.
बच्ची के दादा ने मीडिया को बताया था कि उनका बेटा सुबह दूध लेने गया था और वापस लौटने पर बच्ची गायब थी. वहीं बच्ची की मां सूर्या ने कहा था कि जब उनके पति घर लौटे तो उन्होंने उन्हें और बड़ी बेटी को बेहोशी की हालत में पाया.
जांच के दौरान क्या चला पता?
हालांकि जांच के दौरान पुलिस को पिता की कहानी पर शक हुआ. पूछताछ में कई बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे. इसके बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी पर शक गहराता गया. सूत्रों के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने अपनी छोटी बेटी की हत्या की और शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को शक है कि इस मामले में परिवार के कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. बच्ची के शव की तलाश जारी है और पुलिस आसपास के इलाके की गहन जांच कर रही है.
एक मासूम बच्ची की मौत और उस पर पिता के शामिल होने के आरोप ने लोगों को हैरान कर दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी.
और पढ़ें
- बंद होने जा रहा है 113 साल पुराना 'दिल्ली जिमखाना क्लब', केंद्र के फरमान पर भड़की 'आप'; कहा- अब अमीरों की बारी
- Delhi Pollution Control: कीर्ति नगर में लगीं 21 डस्ट कैचर मशीनें, एक घंटे में 3 लाख लीटर हवा करेंगी साफ
- Delhi-NCR Rain Today: दिल्ली में मौसम ने ली करवट, धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश; भीषण गर्मी से राहत