अमेरिका में मिडटर्म चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. चुनाव से पहले पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रिपब्लिकन सहयोगियों पर जोरदार हमला बोला है. ओबामा ने ओहायो और मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए रिपब्लिकन नेताओं के रवैये को क्रूर और अशिष्ट बताया. वहीं, फ्लोरिडा में वोट डालने पहुंचे ट्रंप ने रिपब्लिकन गवर्नर पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी का बचाव किया.
ओबामा मिडटर्म चुनाव से पहले डेमोक्रेटिक मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने ओहायो में गवर्नर पद की उम्मीदवार डॉ. एमी एक्टन और मिशिगन में सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद के समर्थन में प्रचार किया. उनका कहना है कि इन चुनावों से अमेरिकी राजनीति में सत्ता का संतुलन प्रभावित हो सकता है.
ओहायो में ओबामा ने विवेक रामास्वामी के एक चुनावी विज्ञापन को लेकर निशाना साधा. इस विज्ञापन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन की मां डोना आर्थर को दिखाया गया है. विज्ञापन में एक्टन की मां उनके बारे में गंभीर आरोप लगाती दिखाई देती हैं और उनके मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का जिक्र करती हैं.
ओबामा ने इसी विज्ञापन को लेकर रिपब्लिकन नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि हाल के दिनों में ऐसी कोई सीमा नहीं रही जिसे वे पार न कर सकें. उन्होंने आरोप लगाया कि रिपब्लिकन नेता राजनीतिक फायदे के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार हैं.
एमी एक्टन ने भी रामास्वामी पर पलटवार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके प्रतिद्वंद्वी ने अपने कमजोर चुनाव प्रचार को बचाने के लिए उनके बचपन और निजी जिंदगी का इस्तेमाल किया है. एक्टन ने रामास्वामी को जमीनी हकीकत से कटा हुआ बताया और कहा कि वह अपने स्वार्थ के लिए काम कर रहे हैं.
वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में अपना वोट डालने के दौरान रामास्वामी के विज्ञापन का बचाव किया. ट्रंप ने कहा कि एमी एक्टन की मां ने खुद उन्हें झूठा बताया है और इससे ज्यादा बेहतर गवाही की जरूरत नहीं है. ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने विज्ञापन का समर्थन किया है. हालांकि, ओहायो के कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने इस विज्ञापन को वापस लेने की मांग की है. इससे रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी इस मुद्दे को लेकर मतभेद सामने आए हैं.
मिशिगन में ओबामा ने सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद के समर्थन में भी प्रचार किया. अल सैयद सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के पूर्व अधिकारी हैं और रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.
अल सैयद को लेकर उनकी पहचान और विचारों पर उठाए जा रहे सवालों का ओबामा ने विरोध किया. उन्होंने उन्हें कट्टरपंथी बताए जाने वाले आरोपों को खारिज किया और कहा कि अब्दुल पूरी तरह मिशिगन से जुड़े हुए हैं. ओबामा ने उनके विचारों और मूल्यों की भी तारीफ की.
मिडटर्म चुनाव से पहले अमेरिका में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. चुनावी प्रचार में निजी आरोपों और विवादित विज्ञापनों के इस्तेमाल ने भी राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है.