राजधानी दिल्ली में नकली उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. आउटर दिल्ली के खंझावला इलाके में चल रही इस फैक्ट्री में मशहूर ब्रांड सेंसोडाइन के नाम पर नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा था. पुलिस ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किया और फैक्ट्री मालिक को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
क्राइम ब्रांच को 2 अप्रैल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर महावीर विहार में छापा मारा गया. मौके पर छह मजदूर नकली टूथपेस्ट को ट्यूब में भरते और पैकिंग करते पाए गए. जांच में सामने आया कि सस्ते लोकल पेस्ट को नामी ब्रांड के नाम पर बेचने की तैयारी थी.
दिल्ली पुलिस ने नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री पकड़ी है। यहां "सेंसोडाइन" (Sensodyne) के नाम पर नकली टूथपेस्ट बनाए जा रहे थे। 1800 भरी हुई ट्यूब, 10 हजार खाली ट्यूब, 1200 पैक्ड ट्यूब और 130 KG पेस्ट बरामद हुआ है। फैक्ट्री मालिक हरिओम मिश्रा गिरफ्तार है।
— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 3, 2026
अब आप सोचिए, जिस सेंसोडाइन को कई… pic.twitter.com/foGWRQGTWK
पुलिस ने छापेमारी के दौरान हजारों भरे और खाली ट्यूब, पैकिंग बॉक्स, रैपर, मशीनें और करीब 130 किलो नकली पेस्ट जब्त किया. इसके अलावा कैप, गोंद और सीलिंग मशीन भी मिलीं. यह पूरा सेटअप बड़े स्तर पर नकली उत्पाद तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 58 वर्षीय हरी ओम मिश्रा के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने बताया कि वह बिना लाइसेंस के यह काम कर रहा था. कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी पुष्टि की कि बरामद प्रोडक्ट पूरी तरह नकली है और इसे बेहद गंदे माहौल में बनाया जा रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ब्रांडेड सामान खरीदते समय सावधानी बरतें और केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करें.