CJP प्रदर्शन के कारण 16 मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी; यहां देखें पूरी लिस्ट

जंतर मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सुरक्षा कारणों से राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है. इंटरचेंज की सुविधा कुछ प्रमुख स्टेशनों पर जारी रहेगी, जबकि यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है.

ANI
Shanu Sharma

राजधानी में जंतर मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने गुरुवार सुबह 7:30 बजे से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. इसके तहत शहर के 16 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद कर दी गई है.

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार यह फैसला लिया गया है और स्थिति सामान्य होने पर आगे की सूचना जारी की जाएगी.

इन स्टेशनों पर नहीं हो सकेगी आवाजाही

DMRC द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जिन स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, उनमें राजीव चौक और पटेल चौक समेत कई स्टेशन शामिल हैं. इन स्टेशनों पर फिलहाल यात्री न तो प्रवेश कर सकेंगे और न ही बाहर निकल सकेंगे. इससे एक दिन पहले भी कई मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया था, जिससे हजारों दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, छात्र और अन्य यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा. स्टेशन बंद रहने के कारण कई यात्रियों को अपनी निर्धारित मंजिल से आगे उतरना पड़ा और फिर सड़क मार्ग से वापस लौटना पड़ा. एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब प्रदर्शन के कारण मेट्रो सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा है.


प्रदर्शन में बढ़ रही भागीदारी

नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर मंतर पर CJP का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है. प्रदर्शन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से छात्र और समर्थक दिल्ली पहुंच रहे हैं. बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. बुधवार रात कनॉट प्लेस के टॉल्स्टॉय मार्ग के पास उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने दिल्ली पुलिस के जवानों पर पथराव और बोतलें फेंकीं. इस घटना में कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया. अधिकारियों के अनुसार, जंतर मंतर स्थित मुख्य प्रदर्शन स्थल पर विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और वहां किसी प्रकार की हिंसा की सूचना नहीं मिली.