बाहर निकलने से पहले जान लें... संसद सत्र में इन सड़कों पर लग सकता है लंबा जाम, दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है. इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना जताई है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. संसद भवन और नई दिल्ली क्षेत्र में वीवीआईपी आवाजाही बढ़ने की संभावना के चलते कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रह सकता है. इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा की पहले से योजना बनाएं और जहां संभव हो, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. सुरक्षा कारणों से कई इलाकों में वाहनों का दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में समय पर गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है.

इन प्रमुख सड़कों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक का दबाव

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, संसद मार्ग, अशोका रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड पर यातायात सामान्य दिनों की तुलना में अधिक प्रभावित रह सकता है. आवश्यक कार्य न होने पर इन मार्गों से बचने की सलाह दी गई है.

कई अहम चौराहों पर भी रह सकती है भीड़

एडवाइजरी में विजय चौक, पटेल चौक, बोट क्लब, बूटा सिंह मार्ग, रेल भवन, प्राइम चौक, सुनेहरी मस्जिद, जीआरजी और जलेबी चौक को भी संवेदनशील यातायात बिंदु बताया गया है. इन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और वीवीआईपी मूवमेंट के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ सकती है. पुलिस ने इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी है.


इन वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह

यातायात पुलिस ने जाम से बचने के लिए जनपथ, मान सिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग और पंचशील मार्ग का उपयोग करने का सुझाव दिया है. इसके अलावा जरूरत के अनुसार विनय मार्ग, आउटर सर्कल (कनॉट प्लेस), बाबा खड़क सिंह मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड और सरदार पटेल मार्ग भी विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किए जा सकते हैं.

यात्रा से पहले बनाएं बेहतर प्लान

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संसद सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. ऐसे में कुछ मार्गों पर अस्थायी ट्रैफिक नियंत्रण या वाहनों की आवाजाही धीमी हो सकती है. लोगों से अपील की गई है कि यात्रा की योजना पहले से तैयार करें और अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले मार्गों का इस्तेमाल करने से बचें.

पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, सभी यातायात नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से संसद के मानसून सत्र के दौरान राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना आसान होगा.