Asian Games 2026 BRICS 2026

दिल्ली ट्रैफिक अलर्ट, आज इन सड़कों पर लग सकता है जाम; जारी की गई एडवाइजरी

दिल्ली में किशन घाट पर आयोजित विरोध प्रदर्शन और रैली के कारण आज कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और जाम की स्थिति बन सकती है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली में मंगलवार को कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने किशन घाट पर आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन और रैली को देखते हुए सुबह साढ़े आठ बजे से जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन और सड़कें बंद किए जाने की संभावना जताई है. ऐसे में राजधानी के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन सकती है. पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले से बनाने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है.

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार किशन घाट पर देश बचाओ मोर्चा की ओर से विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है. रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है. इसे देखते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है. स्थिति के अनुसार कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है.

ट्रैफिक पुलिस ने क्या बताया?

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि दिल्ली गेट, राजघाट क्रॉसिंग, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो और आईपी फ्लाईओवर के आसपास यातायात डायवर्जन लागू किया जा सकता है. वहीं सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड, राजघाट डीटीसी बाईपास रोड और आसपास की संपर्क सड़कों पर जाम लगने की संभावना है.


पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है. साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़े न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें. मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन एप का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है.

कहां मिलेगी यातायात संबंधी जानकारी?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए प्रभावित मार्गों से यथासंभव बचें. जरूरत पड़ने पर यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों, व्हाट्सएप सेवा और हेल्पलाइन नंबर का उपयोग किया जा सकता है.

यह रैली भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित की जा रही है. किसान संगठनों का कहना है कि यदि सस्ते कृषि उत्पादों का आयात बढ़ता है तो इसका असर किसानों, खेतिहर मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. इसी मुद्दे को लेकर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों के किसान दिल्ली पहुंच रहे हैं.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.