IPL 2026

राजधानी में बारिश और तेज हवाओं ने बदला मौसम का मिजाज, पिछले तीन साल में सबसे ठंडा रहा अप्रैल; जानें कितना गिरा तापमान

दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान 28.8 डिग्री तक गिर गया, जो तीन साल में अप्रैल का सबसे ठंडा दिन रहा. मौसम विभाग ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि आने वाले दिनों में फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली में अप्रैल का मौसम इस बार लोगों को राहत देता नजर आया. मंगलवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. अधिकतम तापमान गिरकर 28.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री कम था. इस कारण यह दिन पिछले तीन वर्षों में अप्रैल का सबसे ठंडा दिन बन गया.

दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही और तेज हवाओं ने मौसम को और ठंडा बना दिया. पालम क्षेत्र में दोपहर करीब 1:30 बजे हवा की रफ्तार 56 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. इस बदले मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा. FlightRadar24 के अनुसार, खराब मौसम के कारण 400 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. हल्की बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है, जिसने पूरे दिन बादल और बारिश का माहौल बनाए रखा.

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे तक 0.4 मिमी और शाम तक कुल 3 मिमी बारिश दर्ज की गई. पालम में सुबह तक 1.4 मिमी और शाम तक 2.1 मिमी बारिश हुई. वहीं लोधी रोड क्षेत्र में सुबह तक 1 मिमी और शाम तक 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इस दौरान न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे मौसम और सुहावना महसूस हुआ.

कितना रहने वाला है तापमान?

हालांकि यह राहत ज्यादा दिन तक रहने वाली नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी. अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री तक पहुंच सकता है और 12 अप्रैल तक इसके 37 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो 2 अप्रैल और 11 मार्च को रिकॉर्ड हुआ था. मार्च के अंत में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के कारण मौसम ठंडा बना रहा और अप्रैल की शुरुआत भी सामान्य से कम तापमान के साथ हुई.

वहीं वायु गुणवत्ता की बात करें तो मंगलवार को AQI 114 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. बारिश के कारण इसमें और सुधार होने की उम्मीद है और बुधवार को यह संतोषजनक स्तर तक पहुंच सकता है.