दिल्ली मेट्रो में शनिवार रात करीब 9 बजे एक महिला यात्री ने अपने पास खड़े CISF जवान पर चोरी-छिपे उसकी तस्वीर लेने का आरोप लगाया. महिला को शक हुआ तो उसने सुरक्षाकर्मी से मोबाइल फोन दिखाने को कहा. जवान के कथित इनकार के बाद आसपास मौजूद यात्रियों को भी मामले की जानकारी हुई और देखते ही देखते कोच में विवाद बढ़ गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों के दबाव के बाद सुरक्षाकर्मी ने अपना मोबाइल फोन खोला. आरोप है कि फोन में महिला यात्री की तस्वीरें मौजूद थीं. इसके बाद यात्रियों ने नाराजगी जताई और जवान से कथित तौर पर तस्वीरें डिलीट करने को कहा. घटना के दौरान कोच में काफी देर तक हंगामा होने की बात सामने आई है.
विवाद बढ़ने के बाद कुछ यात्रियों ने सुरक्षाकर्मी का कॉलर पकड़ लिया और उसका फोन लेने की कोशिश की. आरोप है कि जवान ने वहां से निकलने का प्रयास किया. इसी दौरान उसने कथित तौर पर अपनी सर्विस गन भी दिखाई. हालांकि, यात्रियों ने उसे रोक लिया. बताया जा रहा है कि संबंधित जवान की उम्र 55 वर्ष से अधिक है.
वर्दी में इस व्यक्ति पर बिना अनुमति महिलाओं की फोटो खेंचने का आरोप है।
— अश्विनी सोनी (@Ramraajya) August 16, 2026
साफ देखा जा सकता है हाथ काँप रहे है और ये भागने की कोशिश कर रहा है।
वायरल वीडियो दिल्ली मेट्रो का बताया जा रहा है।@OfficialDMRC @DelhiPolice इस वीडियो की जाँच और कार्यवाही करें। pic.twitter.com/xrZ2gJfRtB
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. वीडियो में यात्रियों को सुरक्षाकर्मी के आसपास जमा होकर उससे सवाल करते देखा जा सकता है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले को लेकर दिल्ली मेट्रो की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF के पास है. ऐसे में सुरक्षा कर्मी पर लगे इस तरह के आरोप ने यात्रियों की सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए हैं. घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी.