बकाया पैसे मांगे तो ग्राइंडर से काट डाले हाथ, 2 लाख पचाने के लिए हैवान बना शख्स
इस बर्बर हमले के बाद दबरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
देश की राजधानी दिल्ली में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार को दिल्ली के विजय एन्क्लेव इलाके में ऐसी घटना घटी जिसके बारे में जानकर किसी भी रूह कांप जाए. एक शख्स ने हलवाई और टेंट सप्लायर के रूप में काम करने वाले एक शख्स के ग्राइंडर से हाथ काट दिए.
बकाया पैसे मांगे तो काट डाले हाथ
लोकेश गुप्ता नाम का 32 वर्षीय शख्स हलवाई और टेंट सप्लायर के रूप में काम करता है. उसने अजय पाल नाम के शख्स की बेटी की शादी में टेंट लगाया था. अजय पाल ने लोकेश को 50 हजार रुपए दे दिए थे और उसपर 2 लाख रुपए बताया था. जब उसने अजय पाल से अपने बकाया पैसे मांगे तो अजय पाल आग बबूला हो गया और उसने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर ग्राइंडर से उसके हाथ काट डा ले.
क्या था पूरा मामला
24 अप्रैल की शाम करीब 8:30 बजे लोकेश बचे हुए पैसे लेने के लिए अजय पाल के पास गया. शुरू में तो बातचीत हो रही थी, लेकिन जैसे ही लोकेश अपने पैसे लेने पर अड़ा तभी मामला बिगड़ गया. पुलिस के अनुसार, अजय पाल अपने दो या तीन साथियों के साथ पहले से ही प्लानिंग करके बैठा था. उसने अपने साथियों को इशारा किया और सबने मिलकर लोकेश को दबोच लिया. इसके बाद आरोपी ने एक ग्राइंडिंग मशीन (ग्राइंडर) निकाली और उसी से लोकेश के हाथों पर वार करना शुरू कर दिया. लोकेश चिल्लाया, मगर तब तक उसके हाथ बेरहमी से कट चुके थे.
एम्स में चल रहा घायल का इलाज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची दबरी थाने की पुलिस ने लोकेश को तुरंत राशी मेडिकल सेंटर पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में एम्स रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने बताया कि उसके हाथों पर किसी बेहद तेज और खतरनाक हथियार से वार किए गए थे, जिससे नसें और हड्डियां तक कट गई हैं. द्वारका के डीसीपी कुशाल पाल सिंह ने बताया कि इस घटना में मुख्य आरोपी अजय पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दो साथी जो कम उम्र के हैं, उन्हें हिरासत में ले लिया गया है.
बीएनएस के तहत मामला दर्ज
इस बर्बर हमले के बाद दबरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में हर पहलू से जांच कर रहे हैं.