US Israel Iran War

22 साल के बॉयफ्रेंड की हैवानियत, 35 वर्षीय गर्लफ्रेंड को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, बेड बॉक्स में छिपाया शव

दिल्ली के मंगोलपुरी में 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले ने सनसनी मचा दी. 22 वर्षीय बॉयफ्रेंड पर आरोप है कि उसने महिला का मुंह कंबल से दबाया, हाथ-पैर बांधे और शव को बेड बॉक्स में छिपा दिया.

grok
Kuldeep Sharma

दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक पीजी के कमरे से महिला का शव मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. मृतका 35 वर्ष की थी और शुरुआती जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके 22 वर्षीय प्रेमी ने गला दबाकर की. हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेड के अंदर छिपा दिया. मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और फिलहाल हत्या की वजह तथा अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

पीजी के कमरे से बरामद हुआ शव

मामला 7 अप्रैल की शाम सामने आया, जब मंगोलपुरी थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली. सूचना पर टीम पत्थर मार्केट स्थित पीजी में पहुंची. वहां कमरे में रखे डबल बेड का बॉक्स खोलते ही पुलिस हैरान रह गई. अंदर 35 वर्षीय महिला का शव ठूंसा हुआ था. उसके हाथ-पैर बंधे थे और गले पर दबाव के गहरे निशान मिले. माथे पर चोट के निशान यह संकेत दे रहे थे कि हत्या से पहले महिला के साथ मारपीट भी की गई हो सकती है. पुलिस ने तुरंत कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया.

रिश्ते में था तनाव, आरोपी अकेले निकला तो बढ़ा शक

पुलिस जांच में पता चला कि महिला एक 22 वर्षीय युवक के साथ रिश्ते में थी. 7 अप्रैल को दोनों शाम करीब साढ़े चार बजे पीजी में आए थे. करीब एक घंटे बाद युवक अकेला बाहर निकला. उसके चेहरे के भाव और जल्दी निकलने की जल्दबाजी देखकर पीजी मालिक को शक हुआ. उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. जब पुलिस कमरे में गई और बेड का बॉक्स खोला, तो पूरी कहानी साफ हो गई. इसी आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सबूत

एफएसएल और क्राइम टीम ने मौके से कई सबूत इकट्ठे किए हैं. कमरे में बिखरी चीजों से संकेत मिलते हैं कि हत्या से पहले झगड़ा हुआ था. गले पर मिले निशानों और चोटों के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि महिला को पहले कंबल से मुंह दबाकर काबू किया गया, फिर गला दबाकर मारा गया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला के साथ यौन शोषण की कोशिश हुई थी. इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

तीन आरोपी गिरफ्तार, वजह की तलाश

मंगोलपुरी थाना पुलिस ने इस मामले में सुरेंद्र उर्फ बॉबी, जोगिंदर और दीपक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का मानना है कि वारदात में मुख्य आरोपी बॉबी था और बाकी दोनों ने उसे मदद की. हत्या की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन शक है कि पिछले कुछ समय से रिश्ते में तनाव बढ़ गया था. पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात की असली वजह सामने आ सके.