US Israel Iran War

IRS अधिकारी की बेटी का हत्यारा होटल से गिरफ्तार, वारदात के बाद का सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने

दिल्ली के अमर कॉलोनी में आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

@Sachingupta
Sagar Bhardwaj

दिल्ली के शांत माने जाने वाले अमर कॉलोनी इलाके में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया. एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की घर के अंदर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और कई टीमें बनाकर जांच शुरू की गई.  पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात के बाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने कई अहम सवालों के जवाब दे दिए हैं.

घर के अंदर घुसकर वारदात

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल ने बेहद चालाकी से इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के समय युवती घर में अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर वह अंदर घुसा. कमरे में बिखरा सामान और फर्श पर पड़ा शव इस बात का संकेत देता है कि युवती ने पूरी ताकत से राहुल विरोध किया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया और फिर तार या चार्जिंग केबल से गला घोंट दिया. शुरुआती जांच में यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी.

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

इस मामले में सबसे बड़ा सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला. फुटेज में आरोपी पीली टी-शर्ट पहनकर बैग के साथ भागता हुआ नजर आया. यह तस्वीर पुलिस के लिए अहम सबूत बन गई. फुटेज के आधार पर उसकी पहचान राहुल के रूप में हुई, जो राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है. पुलिस ने इलाके के आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालकर उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया और उसकी लोकेशन का पता लगाया. इससे जांच को तेजी मिली और आरोपी तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ.

पुरानी पहचान ने बढ़ाया शक

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि आरोपी पहले इसी घर में नौकर के रूप में काम कर चुका था. उसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था. उसने करीब सात-आठ महीने तक यहां काम किया था और परिवार की दिनचर्या को अच्छी तरह जानता था. पुलिस को शक है कि उसने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया. इतना ही नहीं, हत्या से कुछ घंटे पहले उसने अपने गांव में एक और गंभीर अपराध को अंजाम दिया था, जिससे उसकी आपराधिक मानसिकता उजागर होती है.

गिरफ्तारी के बाद जांच तेज

लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू को खंगाला जा रहा है. पुलिस को शक है कि हत्या के बाद आरोपी ने घर में लूटपाट भी की थी. उसके ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज की जानकारी भी सामने आई है. अब पुलिस इस केस को मजबूत बनाने के लिए हर सबूत जुटा रही है, ताकि आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके.