दिल्ली में पूर्वोत्तर के पड़ोसियों पर की थी नस्लीय टिप्पणी, अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
बता दें कि पांच दिन पहले दिल्ली के मालवीय नगर में एक पुरुष और एक महिला ने कैमरे के सामने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की थी. वीडियो सामने आने के बाद दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी और अब उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पूर्वोत्तर के रहने वाले अपने पड़ोसियों पर नस्लीय टिप्पणी करने के आरोप में दिल्ली कोर्ट ने दंपति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बता दें कि पांच दिन पहले दिल्ली के मालवीय नगर में एक पुरुष और एक महिला ने कैमरे के सामने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की थी. वीडियो सामने आने के बाद दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी और अब उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
एफआईआर के मुताबिक, किराए के फ्लैट में रहने वाली पूर्वोत्तर की महिलाओं के यहां बिजली का काम चल रहा था जिसके कारण सीढ़ियों पर धूल जमा होने लगी इसके बाद दोनों हर्ष सिंह और रूबी जैन अपने घर से निकलकर आए और तीनों महिलाओं के साथ गाली-गलौज करने लगे. उन्होंने पूर्वोत्तर की महिलाओं को धंधा करने वाली तक कहा और यह पूरा वाकया वहां लगे कैमरे में कैद हो गया.
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस मामले की निंदा करते हुए कहा था कि पूर्वोत्तर के लोगों पर नस्लीय हमले बंद होने चाहिए. उन्होंने कहा था, 'इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं और हमारे समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है. इस घटना के संज्ञान में आने के बाद मैने दिल्ली पुलिस से बात की और मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई करने की मांग की.'
क्यों हुई थी बहस
20 फरवरी को महिलाओं ने अपने चौथे फ्लोर पर स्थित फ्लैट में एयर कंडीशनर लगाने के लिए एक इलेक्ट्रीशियन को बुलाया था. इंस्टॉलेशन के दौरान ड्रिलिंग का मलबा नीचे फर्श पर गिर गया. जिसके बाद हर्ष सिंह और उसकी पार्टनर रूबी जैन ने महिलाओं के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी.
ये तीनों महिलाएं छात्राएं थीं और पीड़ितों में से एक यूपीएससी की तैयारी कर रही है. आरोप है कि दंपति ने उन्हें मसाज पार्लर चलाने वाली और पैसों के लिए धंधा करने वाली कहकर अपमानित किया.