दिल्ली में फिर गिरा दो मंजिला मकान, मासूम समेत 2 की मौत; मलबे में दबे कई लोग

Shahdara Building Collapse: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया. शाहदरा इलाके में दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई.

ANI X
Shilpa Srivastava

Shahdara Building Collapse: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया. शाहदरा इलाके में दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. इस दर्दनाक घटना में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकालने में जुटी हैं.

6 से 7 घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल:

अधिकारियों के मुताबिक, इमारत गिरने के बाद कई लोग मलबे में फंस गए. अब तक करीब 6 से 7 लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है. प्रशासन की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इमारत गिरने के समय अंदर कुल कितने लोग मौजूद थे. हादसे की असली वजह भी अभी सामने नहीं आई है.


दिल्ली में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे:

दिल्ली में पिछले कुछ महीनों के दौरान इमारत गिरने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. 15 अक्टूबर को पहाड़गंज इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिर गया था. इस घटना में कम से कम आठ लोग घायल हुए थे. बताया गया था कि इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था और दूसरी मंजिल की छत डालते समय हादसा हुआ.

वहीं, 5 नवंबर को पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने की घटना भी सामने आई थी. इसमें दो लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे.

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी:

शाहदरा में हुए ताजा हादसे के बाद बचाव अभियान जारी है. प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है. फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. हादसे के कारणों की जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी.