सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, DTC बसों में ट्रांसजेंडर यात्रियों को नहीं लेना पड़ेगा टिकट; महिलाओं की तरह अब उनकी भी यात्रा फ्री

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्रांसजेंडर कम्यूनिटी के लोगों के लिए बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने डीटीसी बसों में उनके लिए यात्रा फ्री कर दी है. अब उन्हें दिल्ली की बसों में यात्रा करने के लिए कोई भी पैसे नहीं देने होंगे.

ANI
Shanu Sharma

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने समाजिक समावेशन के क्षेत्र में एक बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने दिल्ली में रहने वाले ट्रांसजेंडर कम्यूनिटी के लोगों के लिए डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का ऐलान कर दिया है. इससे पहले यह सुविधा केवल महिलाओं को मिल रही थी. लेकिन अब यह उनपर भी लागू किया गया है.

सरकार की ओर से सभी बस मार्गों में ट्रांसजेंडर यात्रियों को मुफ्त सफर की मंजूरी दे दी गई है. इस फैसले के बाद ट्रांसजेंडर व्यक्ति अब बिना किसी आर्थिक बोझ के दिल्ली में आसानी से घूम सकेंगे. इस योजना को ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए लागू करने से पहले से यह महिलाओं के लिए लागू है. अधिकारियों का कहना है कि सरकार के इस कदम से ट्रांसजेंडर समुदाय को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी राहत मिलेगी.

महिलाओं के साथ ट्रांसजेंडरों को भी मिलेगा फायदा

सरकार ने इस फैसले का ऐलान करते हुए  कहा कि यह फैसला ट्रांसजेंडर लोगों की गरिमा और सुरक्षा को बढ़ावा देगा. अब बिना किसी डर के वे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर सकेंगे. इस योजना के पीछे सरकार का यह तर्क है कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को भी बराबरी का पूरा हक है. सीएम गुप्ता ने इस योजना का ऐलान करते हुए कहा कि हमारी सरकार एक समावेशी, न्यायपूर्ण और संवेदनशील दिल्ली बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. यहां हर नागरिक को सम्मान के साथ अवसर और सेवाएं मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस योजना को सामाजिक न्याय की मजबूती बताया. पहले महिलाओं को मुफ्त सफर मिलता था. अब ट्रांसजेंडर समुदाय को भी शामिल करके सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है.

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड भी खास

इससे पहले सरकार द्वारा 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' लॉन्च किया गया.जिसके जरिए यह सुविधा और बेहतर हुई है. यह कार्ड महिलाओं और ट्रांसजेंडर दोनों के लिए उपलब्ध है. कार्ड से बस में टैप करके मुफ्त यात्रा कर सकते हैं. कार्ड आधार और मोबाइल नंबर से लिंक होता है, जिससे पहचान आसान होगी और सुरक्षा और भी ज्यादा मजबूत होगी. मिल रही जानकारी के मुताबिक 50 से ज्यादा केंद्रों पर कार्ड बनवाए जा सकते हैं. इसमें जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, एसडीएम ऑफिस और कुछ डीटीसी जगहें शामिल हैं. 12 साल से ऊपर की लड़की जिसके पास दिल्ली का निवासी पत्र हो, वे इस योजना के पात्र है. हालांकि अभी भी पुरानी पिंक पेपर टिकट व्यवस्था जारी है, लेकिन स्मार्ट कार्ड से सफर तेज और सुरक्षित होगा.