Asian Games 2026 BRICS 2026

दिल्ली में CJP का हिंसक प्रदर्शन, कनॉट प्लेस समेत कई इलाकों में 'कॉक्रोचों' ने किया पथराव और तोड़फोड़

दिल्ली में CJP के संसद मार्च के दौरान कई स्थानों पर हिंसा भड़क गई. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ. पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं सामने आईं. हालात काबू करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया.

X
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: संसद मार्च के आह्वान पर सोमवार को राजधानी दिल्ली में व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला. शुरुआत में शांतिपूर्ण दिख रहा प्रदर्शन दिन चढ़ने के साथ कई इलाकों में हिंसक हो गया. संसद भवन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार टकराव हुआ. कनॉट प्लेस, फिरोज शाह रोड और संसद मार्ग समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, आंसू गैस और सीमित बल प्रयोग का सहारा लिया.

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से आयोजित संसद मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार करते हुए संसद क्षेत्र के करीब पहुंच गए. रेल भवन के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इसके बाद सुरक्षा बलों ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया.

कनॉट प्लेस में तोड़फोड़ और पथराव

संसद क्षेत्र से हटाए जाने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस पहुंच गए. पालिका बाजार, सेंट्रल पार्क और आसपास के इलाकों में नारेबाजी के बीच माहौल बिगड़ गया. कुछ लोगों ने पुलिस वाहनों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की. पुलिस पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं. इसके बाद पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए सीमित बल प्रयोग किया.


फिरोज शाह रोड पर भी हुआ टकराव

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार फिरोज शाह रोड पर भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई. पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए. पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी.

आंदोलन की पृष्ठभूमि

सीजेपी पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही थी. संगठन NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है. हाल के दिनों में आंदोलन को उस समय गति मिली, जब सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाया गया और संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू कर दी. इसके बाद संसद मार्च में भीड़ पहले की तुलना में अधिक दिखाई दी.

दिल्ली पुलिस ने जारी की अपील

घटनाओं के बाद दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. एडिशनल सीपी राजीव रंजन ने कहा कि नागरिक किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें. उन्होंने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने और किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि से दूर रहने की अपील की. पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.