'कॉकरोच' को दिल्ली से दूर रखने की तैयारी! केंद्र सरकार ने राज्यों को जारी किया निर्देश

CJP के प्रस्तावित दिल्ली मार्च से पहले केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों को पत्र लिखा है.

Pinterest
Reepu Kumari

CJP Delhi Protest: दिल्ली में प्रस्तावित मार्च से पहले केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्यों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन की चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने देशभर के पुलिस प्रमुखों को पत्र लिखा है. इसमें दिल्ली पुलिस के साथ सूचनाओं का आदान प्रदान करने और आपसी तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया है.

सरकार की चिंता इस बात को लेकर है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद संगठन के समर्थक अलग अलग राज्यों से दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं. गृह सचिव के पत्र में संभावित रूप से कानूनी आदेशों की अवहेलना और सार्वजनिक शांति प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. ऐसे में दिल्ली मार्च से पहले सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को अहम माना जा रहा है.

राज्यों की पुलिस को क्या निर्देश दिए गए?

केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों से दिल्ली पुलिस के साथ खुफिया जानकारी साझा करने को कहा है. पत्र में आशंका जताई गई है कि CJP और उसके समर्थक कानूनी आदेशों का उल्लंघन कर दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं. सरकार के मुताबिक, ऐसी स्थिति में सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा है. इसी कारण दूसरे राज्यों की पुलिस को भी सतर्क रहने और संबंधित सूचनाओं पर समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया है.

पहले के आयोजनों का भी पत्र में जिक्र

गृह सचिव ने अपने पत्र में संगठन और उससे जुड़े लोगों के पिछले आयोजनों का हवाला दिया है. पत्र के मुताबिक, पहले कुछ कार्यक्रमों के दौरान कानूनी निर्देशों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई थी. इससे दिल्ली में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने और कानून व्यवस्था प्रभावित होने का उल्लेख भी किया गया है. इन्हीं आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र ने राज्यों की पुलिस और दिल्ली पुलिस के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत बताई है.

प्रदर्शन की अनुमति क्यों नहीं मिली?

दिल्ली पुलिस की संयुक्त आयुक्त नूपुर प्रसाद ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने की वजह बताई थी. उनके मुताबिक, लगभग दो महीने पहले इसी तरह के कार्यक्रम के लिए संगठन को अनुमति दी गई थी, लेकिन उस दौरान नियमों का उल्लंघन हुआ था. उन्होंने यह भी बताया कि CJP ने इस बार प्रदर्शन की अनुमति के लिए कुछ दिन पहले ही आवेदन किया था, जबकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस को कम से कम 10 दिन पहले सूचना देना जरूरी है.

दिल्ली मार्च से पहले सुरक्षा पर नजर

प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने और संभावित रूप से आदेशों की अवहेलना की आशंका के बीच केंद्र सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों को समन्वय मजबूत करने को कहा है. गृह सचिव का पत्र इसी तैयारी का हिस्सा है. अधिकारियों की चिंता यह है कि अगर बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग राज्यों से दिल्ली पहुंचने की कोशिश करते हैं, तो कानून व्यवस्था बनाए रखने में चुनौती आ सकती है. फिलहाल, प्रस्तावित मार्च को लेकर पुलिस और प्रशासन की तैयारियां चर्चा में हैं.