menu-icon
India Daily

दिल्ली: 4 दिन बाद मिला नाले में गिरे 15 साल के मिथुन का शव, पिता की तलाश का वीडियो वायरल

दिल्ली के जसोला इलाके में पतंग उड़ाते समय 15 साल के मिथुन एक खुले नाले में गिर गए थे. करीब चार दिन बाद मंगलवार को उनके शव का पता चल पाया.

Shilpa Shrivastava
दिल्ली: 4 दिन बाद मिला नाले में गिरे 15 साल के मिथुन का शव, पिता की तलाश का वीडियो वायरल
Courtesy: X

जसोला: दिल्ली के जसोला इलाके में पतंग उड़ाते समय 15 साल के मिथुन एक खुले नाले में गिर गए थे. करीब चार दिन बाद मंगलवार को उनके शव का पता चल पाया. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. शव मिलने से कुछ देर पहले मिथुन के पिता अवधेश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में लड़के का पिता नाले में जमा कचरा अपने हाथों से हटाते दिख रहे हैं. 

वीडियो में वो कह रहे थे, “यह कचरा हटा दो तो मेरा बेटा मिल जाएगा.” इससे पहले भी वे डंडे से नाले में तलाश करते नजर आए थे. परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का है और दिल्ली में मजदूरी करके गुजारा करता है.

कई एजेंसियों ने की तलाश:

22 अगस्त को हुई इस घटना के बाद से दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ, रेस्क्यू टीम और डाइवर्स लगातार तलाश कर रहे थे. यह नाला एमसीडी के अधीन है और इसमें तेज बहाव है. यह जसोला और शाहीन बाग से होकर आगे आगरा कैनाल और फिर यमुना की तरफ जाता है. नाला आवासीय इलाके के बीच से गुजरता है और खुला होने के कारण सुरक्षा का खतरा हमेशा बना रहता है.

सरकार ने लिया एक्शन, इंजीनियर सस्पेंड:

इस हादसे के बाद दिल्ली सरकार सक्रिय हुई. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्य सचिव से नाले के अधिकार क्षेत्र की जानकारी मांगी और लापरवाही के दोषी अधिकारी को सस्पेंड करने का निर्देश दिया. इसके बाद एमसीडी ने एक जूनियर इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.