दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनते ही एक्शन में IPS अनुराग कुमार, सोनम वांगचुक के बाद अब किस पर नजर?

दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर अनुराग कुमार ने पद संभालते ही सख्त संदेश दिया है. भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और सोनम वांगचुक के धरना समाप्त कराने जैसी कार्रवाई से उनकी कार्यशैली की झलक मिल गई.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की कमान संभालते ही आईपीएस अनुराग कुमार ने साफ कर दिया कि उनका कार्यकाल अनुशासन, जवाबदेही और सख्त पुलिसिंग पर केंद्रित रहेगा. पदभार ग्रहण करने के एक दिन के भीतर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर कई प्राथमिकताएं तय कीं. इसके तुरंत बाद जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक के धरने को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराया गया. इससे संकेत मिला कि नई नेतृत्व शैली तेज फैसलों और त्वरित अमल पर आधारित होगी.

17 जुलाई को पदभार संभालने के बाद अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इसमें सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक सुधार और विभागीय जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया. सूत्रों के अनुसार उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और शिकायत मिलने पर तुरंत कड़ी कार्रवाई होगी. साथ ही पुलिस की साख और जनता का भरोसा बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.

शांतिपूर्ण तरीके से हटाया गया धरना

बैठक के अगले ही दिन जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक के अनशन को समाप्त कराने की कार्रवाई की गई. हाईकोर्ट के आदेश और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत सुबह सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी धरना स्थल पहुंचे. भीड़ या टकराव की स्थिति से बचने के लिए पूरी कार्रवाई बेहद शांतिपूर्ण ढंग से की गई और वांगचुक को सुरक्षित सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया.


काम में लापरवाही पर सख्त रुख

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक में विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और डीसीपी स्तर के अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी. सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदर्शन के आधार पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव भी हो सकता है. माना जा रहा है कि विभाग में जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में कई प्रशासनिक फैसले लिए जाएंगे.

नई जिम्मेदारी के साथ बड़ी चुनौतियां

अनुराग कुमार के सामने शुरुआत से ही कई अहम जिम्मेदारियां हैं. 20 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू होना है, जिसके बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह होगा. इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध, संगठित अपराध, ट्रैफिक प्रबंधन और आतंकवाद विरोधी तैयारियों को मजबूत रखना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. राजधानी की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना उनके लिए सबसे बड़ी परीक्षा मानी जा रही है.

कौन हैं आईपीएस अनुराग कुमार?

1994 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार मूल रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा ज्वाइन की. राष्ट्रीय सुरक्षा और खुफिया मामलों में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनने से पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर थे. उन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए कई प्रतिष्ठित पुलिस पदकों से भी सम्मानित किया जा चुका है