menu-icon
India Daily

आप ने दिल्ली BJP सरकार का 'रिपोर्ट कार्ड' किया जारी, हर क्षेत्र में बताया फेल, महिलाओं-युवाओं-गरीबों के साथ 'फर्जीवाड़ा' का लगाया आरोप

आप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव में 'मोदी की गारंटी' पर दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया था. 8 मार्च 2025 से खातों में पैसे आने का ऐलान हुआ, लेकिन एक साल बीत गया, फिर भी एक पैसा नहीं मिला.

hemraj
आप ने दिल्ली BJP सरकार का 'रिपोर्ट कार्ड' किया जारी, हर क्षेत्र में बताया फेल, महिलाओं-युवाओं-गरीबों के साथ 'फर्जीवाड़ा' का लगाया आरोप
Courtesy: India daily

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर कड़ा हमला बोला है. पूर्व उपमुख्यमंत्री और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 'रिपोर्ट कार्ड' पेश किया, जिसमें रेखा गुप्ता सरकार को महिलाओं, युवाओं, मध्यम वर्ग, गरीबों और पूरे दिल्ली के साथ 'फर्जीवाड़े' का दोषी ठहराया गया. सिसोदिया ने कहा कि एक साल में सरकार ने वादों के नाम पर सिर्फ धोखा दिया, जबकि जनता के रोजमर्रा के मुद्दे और बिगड़ गए हैं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और वरिष्ठ नेता कुलदीप कुमार भी मौजूद थे. सिसोदिया ने 'एक साल, दिल्ली बेहाल, याद आ रहे केजरीवाल' वाले पोस्टर दिखाते हुए कहा कि 20 फरवरी 2025 को भाजपा सत्ता में आई थी, लेकिन पूरा साल दिल्लीवासियों के साथ छलावा रहा. उन्होंने 13 प्रमुख बिंदुओं में सरकार की नाकामियों को गिनाया और कहा कि जनता अब अरविंद केजरीवाल के 'दिल्ली मॉडल' को याद कर रही है.मुख्य आरोपों में शामिल हैं:महिलाओं के साथ धोखा: 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव में 'मोदी की गारंटी' पर दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया था. 8 मार्च 2025 से खातों में पैसे आने का ऐलान हुआ, लेकिन एक साल बीत गया, फिर भी एक पैसा नहीं मिला. सिसोदिया ने पूछा कि मोदी जी की गारंटी अब कहां गई?

प्रदूषण में फर्जीवाड़ा: केजरीवाल सरकार में धूल, आग, वाहन नियंत्रण और ऑड-ईवन जैसे कदम उठाए जाते थे. भाजपा सरकार में दिल्ली ने दुनिया का सबसे खराब AQI रिकॉर्ड बनाया. सरकार ने AQI केंद्र बंद किए, हरे इलाकों में शिफ्ट किए और पानी छिड़ककर फर्जी डेटा दिखाया, लेकिन हकीकत में जहर वाली हवा बनी रही.

मिडिल क्लास को छुरा: प्राइवेट स्कूलों ने फीस 30-300% तक बढ़ा दी, सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की. फर्जी कानून बनाकर भी फीस नहीं रुकी. अभिभावकों के बच्चे परीक्षा से वंचित हुए, कई को कमरों में कैद किया गया.
सरकारी स्कूलों का बर्बाद होना: SOE स्कूलों को बंद कर नाम बदल दिया, हैप्पीनेस करिकुलम, एंटरप्रेन्योरशिप, IIT-NEET कोचिंग और शिक्षक ट्रेनिंग बंद कर दी. बजट काटकर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया.

गरीबों की झुग्गियां तोड़ी: 'जहां झुग्गी वहीं मकान' का वादा करके 'जहां झुग्गी वहां मैदान' कर दिया. अनाधिकृत कॉलोनियों पर बुलडोजर चले, लाखों बेघर हुए.
नकली यमुना सफाई: छठ पूजा पर यमुना साफ होने का दावा किया, नकली यमुना बनाकर दिखाया, लेकिन असल में प्रदूषण बढ़ा. AAP ने इसे बेनकाब किया.

बेरोजगारी का सिलसिला: एक लाख से ज्यादा संविदा नौजवानों को निकाला. बस मार्शल, मोहल्ला क्लीनिक स्टाफ, डेटा एंट्री ऑपरेटर, DTC कंडक्टर बेरोजगार. 60 दिनों में पक्का करने का वादा झूठा साबित हुआ.
स्वास्थ्य व्यवस्था ठप: मुफ्त दवाइयां-टेस्ट बंद, अस्पताल फंड रोके गए, 24 नए अस्पताल प्राइवेट को सौंपे जा रहे.

साफ-सफाई और सीवर संकट: कूड़े के पहाड़ बढ़े, सीवर ओवरफ्लो, गंदा पानी घरों में.
सड़कें गड्ढों से भरी: लोग गड्ढों में गिरकर जान गंवा रहे, लेकिन सरकार जश्न मना रही.
राशन-पेंशन बंद: 8 लाख राशन कार्ड रद्द, विधवाओं-बुजुर्गों की पेंशन बंद.
सुरक्षा में नाकामी: जनवरी में 15 दिनों में 800 गुमशुदा, रोज 6 हत्याएं, लेकिन मुख्यमंत्री पीड़ितों के घर नहीं गईं.

सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार जश्न मना रही है, जबकि दिल्ली बेहाल है. जनता के अनुभव से साफ है कि केजरीवाल का दौर याद आ रहा है, जहां काम पर फोकस था. उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे फर्जीवाड़े को बर्दाश्त न करें.