Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 IPL 2026

इंसाफ मांग रहे SSC छात्रों पर लाठीचार्ज भाजपा की तानाशाही का खुला प्रदर्शन: अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि भाजपा की तानाशाही और गुंडागर्दी देखिए. SSC परीक्षा की गड़बड़ियों को लेकर ये छात्र महीनों से इंसाफ़ की लड़ाई लड़ रहे थे. उनकी आवाज़ सुनने की बजाय रात के अंधेरे में उन पर लाठियां बरसा दी गईं.

Sagar Bhardwaj

दिल्ली के रामलीला मैदान में SSC परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया. इस घटना ने भाजपा सरकार की तानाशाही को उजागर किया है. आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस क्रूरता की कड़ी निंदा की और छात्रों के साथ मजबूती से खड़े होने का वादा किया.

रात के अंधेरे में क्रूरता

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "भाजपा की तानाशाही और गुंडागर्दी देखिए. एसएससी परीक्षा की गड़बड़ियों को लेकर ये छात्र महीनों से इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे थे. उनकी आवाज सुनने की बजाय रात के अंधेरे में उन पर लाठियां बरसाई गईं. सोचिए... जिन हाथों में कल किताबें होनी चाहिए थीं, आज उन पर चोटों के निशान हैं." उन्होंने आगे कहा कि मीडिया को भी खबर कवर करने से रोका गया, जो लोकतंत्र पर हमला है.

शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हमला

"आप" नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रविवार को रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और शिक्षकों पर पुलिस ने पहले टेंट की लाइट काटी, फिर सादे कपड़ों में हमला किया.  भारद्वाज ने कहा, "पुलिस ने अंधेरे में बच्चों को मारा-पीटा. बच्चे अपने फोन की लाइट जलाकर वीडियो रिकॉर्ड करने को मजबूर हुए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं." उन्होंने इसे प्रजातंत्र को कलंकित करने वाला कृत्य बताया.

भ्रष्टाचार और युवाओं का भविष्य

भारद्वाज ने कहा, "एसएससी और नीट जैसी परीक्षाओं में सुनियोजित भ्रष्टाचार हो रहा है. मेहनती छात्र बर्बाद हो रहे हैं, जबकि पैसे देकर नालायक लोग अफसर बन रहे हैं." उन्होंने जोड़ा कि माता-पिता अपनी जमा-पूंजी बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन सरकार उनकी मेहनत का मखौल उड़ा रही है.

तानाशाही का नंगा नाच

"आप" के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने एक्स पर लिखा, "रोजगार देने में सबसे पीछे, लेकिन युवाओं पर लाठियां बांटने में मोदी सरकार नंबर 1 है." वहीं, नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, "सवाल पूछने वाले युवाओं को जमीन पर घसीटकर पीटा गया. यह भाजपा का दमन-तंत्र है, जो लोकतंत्र को कुचल रहा है." आम आदमी पार्टी ने एसएससी छात्रों के साथ हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. भारद्वाज ने कहा, "भाजपा की तानाशाही हर वर्ग को कुचल रही है, लेकिन हम छात्रों के साथ हैं और उनकी लड़ाई लड़ेंगे."