menu-icon
India Daily

कोरबा में अपार्टमेंट के पास मिला मानव भ्रूण, सुबह-सुबह मची सनसनी; पुलिस ने शुरू की जांच

छत्तीसगढ़ के कोरबा में अपार्टमेंट के पास मानव भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
कोरबा में अपार्टमेंट के पास मिला मानव भ्रूण, सुबह-सुबह मची सनसनी; पुलिस ने शुरू की जांच
Courtesy: X

Korba Foetus Found: छत्तीसगढ़ में कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाला मामला सामने आया. भद्रापारा मुख्य मार्ग पर श्री अपार्टमेंट के पास लोगों ने एक मानव भ्रूण पड़ा देखा. खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई. लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची.

अपार्टमेंट के पास पड़ा मिला भ्रूण

स्थानीय लोगों की नजर सुबह अपार्टमेंट के पास पड़े भ्रूण पर गई. देखने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी. बताया जा रहा है कि भ्रूण मृत अवस्था में मिला था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसे वहां छोड़ा होगा. घटना की खबर फैलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी. स्थानीय लोगों में नाराजगी है और वे इस मामले में जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

जांच में जुटी पुलिस

बालको पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भ्रूण वहां कौन छोड़कर गया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है. अस्पताल से भी जरूरी जानकारी ली जा रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मामले से जुड़ी अहम जानकारी सामने आ सकती है.