'पहले नहाकर आओ...', नौकरी और शादी का सपना दिखाकर ढोंगी बाबा ने किया युवती से रेप
अंबिकापुर में एक कथित ढोंगी बाबा ने शादी और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 24 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किया. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी अमित गोस्वामी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में झाड़फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी अमित गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि उसने शादी का अच्छा रिश्ता और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 24 वर्षीय युवती को अपने जाल में फंसाया और उसके साथ दुष्कर्म किया.
यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 14 जून की सुबह आरोपी युवती की कॉलोनी में पहुंचा था. उसने खुद को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी बताया और लोगों की विभिन्न समस्याओं को झाड़फूंक और तांत्रिक क्रियाओं से दूर करने का दावा किया. उसकी बातों पर भरोसा कर कई लोग उसके संपर्क में आए.
पीड़ित युवती ने क्या बताया?
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि विशेष पूजा और झाड़फूंक कराने से उसकी शादी के लिए अच्छा रिश्ता आएगा और उसे नौकरी भी मिल जाएगी. उसकी बातों में आकर युवती और उसके परिवार के सदस्य झाड़फूंक कराने के लिए तैयार हो गए.
Also Read
- एक कॉल पर मदद के लिए सरकार तैयार! छत्तीसगढ़ में शुरू हुई CM हेल्पलाइन 1076, तुरंत होगा समाधान
- 23 साल की उम्र में 19 प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर चारु पांडेय ने रचा इतिहास, राष्ट्रपति से मिलेगा विशेष सम्मान
- छत्तीसगढ़ के यात्रियों को बड़ा झटका, 10 से 12 जून के बीच प्रभावित रहेंगी रेल सेवाएं; जानें किस-किस रूट पर पड़ेगा असर
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
आरोपी ने कथित तौर पर झाड़फूंक की प्रक्रिया शुरू करने से पहले युवती को स्नान करने के लिए कहा. इसके बाद उसने युवती की मां को चावल देकर पास के हनुमान मंदिर में 151 चावल के दाने चढ़ाने के लिए भेज दिया. साथ ही युवती की बहन को भी किसी बहाने से कमरे से बाहर भेज दिया. जब घर में युवती अकेली रह गई, तब आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. बाद में युवती ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई. शिकायत मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी.
पुलिस जांच में क्या आया सामने?
पुलिस जांच के दौरान सुभाषनगर क्षेत्र में आरोपी के हुलिये से मिलता-जुलता एक युवक दिखाई दिया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और अंबिकापुर में अपने एक रिश्तेदार के यहां ठहरा हुआ था. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह झाड़फूंक और अंधविश्वास के नाम पर लोगों को गुमराह कर उनसे पैसे ऐंठने का काम करता था.
इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और ढोंगी बाबाओं के नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दें.