रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है और आज से राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. अगले सात दिनों तक कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके साथ ही कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. अब मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लगातार बारिश होने से इस कमी की काफी हद तक भरपाई हो सकती है. मौसम विभाग द्वारा जारी सैटेलाइट तस्वीरों में मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर घने बादलों का बड़ा समूह दिखाई दे रहा है. इसका सबसे अधिक असर रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की भी संभावना बनी हुई है.
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
बस्तर संभाग में भी बादलों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जबकि पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से लगातार नमी वाले बादल प्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं. इससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने के संकेत मिल रहे हैं और कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की जा सकती है.
रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे किसानों और जल स्रोतों को राहत मिलने की उम्मीद है.