छत्तीसगढ़ के मुक्तिधाम में बच्चे के रोने जैसी आवाज से मचा हड़कंप, सामने आया 'स्लॉथ बीयर' का सच
छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित केदारबाड़ी मुक्तिधाम में बच्चे के रोने जैसी आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई. बाद में पता चला कि आवाज Sloth Bear की थी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी.
छत्तीसगढ़ में डोंगरगढ़ के केदारबाड़ी स्थित क्रॉस हिल के पास मुक्तिधाम से एक बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है. मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो हड़कंप मच गया. किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. क्रॉस हिल पर बच्चे के रोने की आवाज को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि बाद में पता चला कि ये आवाज किसी बच्चे के रोने की नहीं, बल्कि 'स्लॉथ बीयर' की थीं, जो क्रॉस हिल पर घूम रहा था.
जानिए क्या था पूरा मामला?
मुक्तिधाम में अंतिम के लिए पहुंचे लोग जब चिता के पास खड़े थे, तभी अचानक बच्चे के रोने जैसी आवाज सुनी गई. यह आवाज पास में ही स्थित क्रॉस की ओर आ रही थी. रोने के बीच में ऐसा लग रहा था जैसे कोई बच्चा सिसकियां लेकर सुबक रहा हो. आवाजें मुक्तिधाम में मौजूद लोगों को भयावह लग रही थीं. लोगों को लगा कि पहाड़ी पर कोई अनहोनी हो गई है.
केदारबाड़ी के रवि पांडेय और आशीष सुमित ने मामले की असलियत पता लगाने का निश्चय किया और आवाज सुनते हुए पहाड़ी की ओर बढ़ने लगे. इस बीच उन्होंने अपने मोबाइल का कैमरा भी ऑन कर लिया था. कैमरे में झाड़ियों के पास 'स्लॉथ बीयर' घूमते नजर आए, जो बच्चे के रोने जैसी आवाजें निकाल रहे थे.
सोशल मीडिया पर वीडियो देख भीड़ जुटी
रवि और आशीष ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. देखते ही देखते केदारबाड़ी के तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और 'स्लॉथ बीयर' को इतने करीब से देखकर खूब आनंदित हुए. अधिकतर लोगों ने उनकी चहल कदमी अपने मोबाइल के कैमरे में भी कैद की. जानकारों का कहना है कि 'स्लॉथ बीयर' खतरनाक जानवर है और अचानक सामने आने पर हमला कर देता है. जानकारों ने यह भी बताया कि 'स्लॉथ बीयर' के बच्चे अपनी मां से बिछड़ जाने पर इस तरह की आवाजें निकालते हैं.