छत्तीसगढ़ 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरु, 10वीं का पेपर 21 फरवरी से; नकल रोकने के लिए सख्त तैयारी

छत्तीसगढ़ में आज से 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होंगी. शिक्षा विभाग ने सभी जिलों में व्यापक तैयारी की है.

Pinterest
Reepu Kumari

छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई है. गुरुवार से 12वीं कक्षा के छात्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और पहले पेपर में शामिल हुए. परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्साह के साथ हल्की चिंता भी देखी गई. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सभी जिलों में पुख्ता व्यवस्था की गई है. विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय से 30 से 45 मिनट पहले केंद्र पहुंचें.

परीक्षा कार्यक्रम और अवधि

12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक संचालित होंगी. वहीं 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं 21 फरवरी से 13 मार्च तक चलेंगी. परीक्षा तिथियों की घोषणा पहले ही कर दी गई थी, जिससे छात्रों को तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके. बोर्ड ने सभी केंद्रों को समय पालन और गोपनीयता के निर्देश दिए हैं ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू बनी रहे.

सूरजपुर जिले में विशेष तैयारी

सूरजपुर जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सहायक जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह देव ने जानकारी दी कि 10वीं कक्षा में 10,053 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे, जबकि 12वीं में 8,045 विद्यार्थी शामिल होंगे. स्वाध्यायी छात्र भी परीक्षा में भाग ले रहे हैं. प्रशासन ने सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं.

सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम

सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. केंद्रों पर शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है.

नकल रोकने के लिए सख्ती

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उड़न दस्ता टीम का गठन किया गया है. यह टीम परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगी. सभी केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे बिना दबाव और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें तथा नियमों का पालन करें. छात्रों के लिए खास निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी तरह के अफवाहों पर ध्यान ना दें. नकल को लेकर भी सख्त चेतावनी दी गई है.