गर्लफ्रेंड को रोकने के लिए बोनट पर चढ़ा बॉयफ्रेंड, साथी ने कार चढ़ाकर उतारा मौत के घाट

रायपुर के आमानाका क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद परमप्रीत सिंह की कार से कुचलकर मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी भरत मंगनानी की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है.

Social Media
Meenu Singh

रायपुर में शुक्रवार देर शाम एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने परमप्रीत सिंह और भरत मंगनानी के बीच कहासुनी हुई. शुरुआती जांच में विवाद की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है. आरोप है कि भरत ने कार से परमप्रीत को टक्कर मारी. इसके बाद युवक कार की छत पर चढ़ गया, लेकिन वाहन नहीं रोका गया. कुछ दूरी पर गिरने के बाद उसे कार से कुचल दिया गया.

एम्स के सामने शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को एम्स अस्पताल के सामने दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. कहासुनी बढ़ने के बाद भरत मंगनानी कार लेकर वहां से निकलने लगा. परमप्रीत ने उसे रोकने की कोशिश की. आरोप है कि इसी दौरान कार से उसे टक्कर लगी. इसके बाद परमप्रीत वाहन की छत पर चढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने इसके बावजूद कार नहीं रोकी और तेज गति से आगे बढ़ता रहा.

कार से गिरने के बाद कुचला

बताया जा रहा है कि कुछ दूरी तक कार चलने के बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया. आरोप है कि भरत ने वाहन रोकने के बजाय उसके ऊपर कार चढ़ा दी. गंभीर चोटों के कारण परमप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी कार लेकर वहां से भाग निकला. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई.


पुलिस ने हत्या का मामला माना

घटना के बाद कुछ लोगों ने आरोपी की कार का पीछा कर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. पुलिस ने शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले को हत्यात्मक प्रकृति का माना है. आमानाका पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है.

आरोपी की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. कार को भी जांच में शामिल किया जाएगा. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ होगी.