menu-icon
India Daily

अंबिकापुर बाल सुधार गृह से 11 नाबालिग अपराधी फरार, भारी बारिश और बिजली गुल होने का उठाया फायदा

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. मंगलवार की शाम बाल सुधार गृह (जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम) से 11 नाबालिग अपराधी फरार हो गए.

Shilpa Shrivastava
अंबिकापुर बाल सुधार गृह से 11 नाबालिग अपराधी फरार, भारी बारिश और बिजली गुल होने का उठाया फायदा
Courtesy: AI Generated

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. मंगलवार की शाम बाल सुधार गृह (जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम) से 11 नाबालिग अपराधी फरार हो गए. यह घटना तेज बारिश और बिजली गुल होने के दौरान हुई, जिसका फायदा उठाकर बच्चों ने खिड़की तोड़ी और पीछे की दीवार फांदकर भाग निकले.

घटना के बाद पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

दीवार फांदकर भागे नाबालिग:

देर शाम अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और बिजली चली गई. अंधेरे का फायदा उठाते हुए बच्चों ने सुधार गृह की खिड़की तोड़ दी. फिर पीछे की दीवार फांदकर वे बाहर निकल गए. मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन घटना पीछे के हिस्से से होने के कारण उन्हें कुछ पता नहीं चला. पुलिस ने तुरंत आसपास के इलाकों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है. सभी 11 बच्चों की तलाश जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा.

ये बच्चे विभिन्न अपराधों के लिए बाल सुधार गृह में रखे गए थे. सुधार गृह का मकसद इन्हें सही रास्ते पर लाना होता है, लेकिन सुरक्षा की लापरवाही के कारण बार बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं.

प्रबंधन का बयान:

सुधार गृह प्रबंधन से जुड़े मनीष ने बताया कि तेज बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर बच्चे भाग निकले. उन्होंने तुरंत थाना प्रभारी को सूचना दे दी थी. उम्मीद जताई जा रही है कि सभी बच्चे जल्द पकड़ लिए जाएंगे.