US Israel Iran War

बिहार में गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत, बारिश ने बदला मौसम का मिजाज; पटना समेत इन जिलों में जारी हुआ ये अलर्ट

बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है. बुधवार को राज्यभर में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना है. किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest
Km Jaya

पटना: भीषण गर्मी के बीच बिहार के मौसम ने अचानक करवट ले ली है. इस महीने की शुरुआत में जहां तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया, वहीं अब बारिश और तेज हवा ने राहत पहुंचाई है. मौसम विभाग ने बुधवार को राज्यभर में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है. खासतौर पर उत्तर बिहार के कई जिलों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार की तुलना में उत्तर बिहार में अधिक स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है. पटना जिले के एक-दो स्थानों पर भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

किन जिलों में जारी किया गया है अलर्ट?

किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही पूरे बिहार में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है. तेज हवा और बारिश के कारण अगले दो दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले चार दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है.


कितना था तापमान?

मंगलवार को राज्य के कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री से 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान डेहरी में 41 डिग्री और कैमूर में 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं सबसे कम तापमान वाल्मीकिनगर में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

मधुबनी और पटना में 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, जिससे मौसम में बदलाव साफ महसूस किया गया. लोगों ने गर्मी से थोड़ी राहत महसूस की.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मुजफ्फरपुर जिले में भी अगले दो दिनों में मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 30 अप्रैल और 1 मई को आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि 29 अप्रैल को मौसम साफ रहने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने बताया कि बारिश के कारण तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आ सकती है. 30 अप्रैल और 1 मई को लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. 2 मई से मौसम सामान्य होने की संभावना है.