'BJP के पास जांच एजेंसियां हैं, वे पड़ताल के लिए किसी के भी PS को बुला सकते हैं', NEET मुद्दे पर क्या बोले तेजस्वी यादव?
Tejashwi Yadav On NEET Paper Leak: नीट मुद्दे पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. इस दौरान उनके पर्सनल सेक्रेटरी का नाम सामने आने के बाद कहा कि भाजपा के पास सभी जांच एजेंसियां हैं. वे पड़ताल के लिए किसी के भी पर्सनल सेक्रेटरी को बुला सकते हैं.
Tejashwi Yadav On NEET Paper Leak: राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने इस (NEET Paper Leak) मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी गठबंधन एकजुट है. हम चाहते हैं कि नीट परीक्षा तुरंत रद्द हो...BJP के पास सभी जांच एजेंसियां हैं, वो जांच के लिए किसी के भी पीएस या पीए को बुला सकते हैं...वो सरगना से मुद्दे को भटकाना चाहते हैं...जो लोग मेरा या मेरे पीए का नाम घसीटना चाहते हैं, इससे किसी का भला नहीं होने वाला...जिस इंजीनियर की बात हो रही है वो लाभार्थी हो सकता है.
तेजस्वी यादव ने इस पूरे मामले के लिए अमित आनंद और नीतीश कुमार को मास्टरमाइंड बता दिया. उन्होंने कहा कि देश की जनता जानती है कि जब भी बीजेपी सत्ता में आती है, तब पेपर लीक होते हैं. दरअसल, नीट पेपर लीक मामले में तेजस्वी यादव के पर्सनल सेक्रेटरी का नाम सामने आया है. इसके बाद तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जांच के लिए मेरे सेक्रेटरी को बुला लीजिए, अगर उन्होंने गलती की है, तो उन्हें गिरफ्तार भी कर लीजिए. मुझे कोई दिक्कत नहीं है.
तेजस्वी यादव ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए बिहार सरकार पर मामले के मास्टरमाइंड को बचाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अगर किसी ने भी, चाहे वो मेरे पर्सनल सेक्रेटरी हो या कोई और.. सभी को पूछताछ के लिए बुलाना चाहिए और पड़ताल करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मेरे पर्सनल सेक्रेटरी प्रीतम कुमार को लेकर EOU ने कुछ भी नहीं कहा है. उनका नाम सिर्फ उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने लिया है. अब मैं खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करता हूं कि अगर मेरे पीएस का नाम सामने आ रहा है, तो उन्हें बुलाकर मुख्यमंत्री को पूछताछ करनी चाहिए. मुझे कोई दिक्कत नहीं है.
तेजस्वी का आरोप- किंगपिन को बचाना चाहते हैं..
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले के किंगपिन को बचाया जा रहा है, इसलिए मामले को डायवर्ट किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मास्टरमाइंड की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ दिख रहा है, इस तस्वीर को लेकर कोई कुछ नहीं बोल रहा है? मामले में मेरा नाम उछालने से कुछ नहीं होने वाला है.
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया था कि नीट पेपर लीक मामले में तेजस्वी यादव के पर्सनल सेक्रेटरी प्रीतम कुमार का हाथ है. उन्होंने ही आरोपियों के लिए गेस्ट हाउस में कमरों की बुकिंग कराई थी. इस दौरान विजय सिन्हा ने पेपर लीक के मास्टरमाइंड सिकंदर का नाम लिया था. तेजस्वी यादव के पर्सनल सेक्रेटरी 52 साल के प्रीतम कुमार बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं. वे मुंगेर जिले के रहने वाले हैं.