menu-icon
India Daily

शादी के दो महीने बाद महिला की मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति समेत कई आरोपी फरार

बिहार के मुंगेर जिले में शादी के महज दो महीने बाद 19 वर्षीय नवविवाहिता रूपम कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
शादी के दो महीने बाद महिला की मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति समेत कई आरोपी फरार
Courtesy: AI

बिहार के मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तौफिर इंद्र टोला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. करीब दो महीने पहले विवाह के बंधन में बंधी 19 वर्षीय रूपम कुमारी अपने ससुराल में मृत अवस्था में मिली. उसका शव घर के भीतर फंदे से लटका हुआ पाया गया. 

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप

मृतका के पिता भुजल यादव ने अपनी बेटी की मौत को सुनियोजित हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके अनुसार, रूपम का विवाह 6 मई को मनखुश यादव के साथ हुआ था. शादी के दौरान उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के हिसाब से नकद राशि, सोना और चांदी दिए थे, हालांकि इसके बाद भी ससुराल वालों की ओर से लगातार दहेज की मांग की जाती रही.

परिजनों का कहना है कि विवाह के कुछ ही दिनों बाद मोटरसाइकिल की मांग को लेकर रूपम पर दबाव बनाया जाने लगा. आरोप है कि ससुराल वाले एक लाख रुपये कीमत की बाइक की मांग कर रहे थे और इसी कारण उसकी विदाई भी नहीं होने दे रहे थे. पिता के मुताबिक, कुछ दिन पहले रूपम ने फोन पर अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी. उन्होंने उसे भरोसा दिलाया था कि जल्द ही किसी तरह पैसों की व्यवस्था कर देंगे.

भाई से मारपीट के बाद परिवार की बढ़ी चिंता

मृतका के परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद जब रूपम का भाई उसे मायके लाने के लिए ससुराल पहुंचा, तब उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कथित तौर पर मारपीट कर वहां से भगा दिया गया. जिसके बाद से परिवार वाले चिंतित रहने लगे थे.

रूपम की बड़ी बहन पिंकू देवी ने बताया कि परिवार ने बड़े अरमानों के साथ उसकी शादी की थी, लेकिन विवाह के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा. उनका दावा है कि घटना वाले दिन भी रूपम ने फोन पर अपने साथ हो रही मारपीट का जिक्र किया था. कुछ समय बाद उसका फोन बंद हो गया और फिर परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली.