menu-icon
India Daily

बिहार के सुपौल में तेज रफ्तार कार का कहर, कीर्तन कर रहे 5 लोगों की मौत  

बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है.

Shilpa Shrivastava
बिहार के सुपौल में तेज रफ्तार कार का कहर, कीर्तन कर रहे 5 लोगों की मौत  
Courtesy: Pinterest

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक घायल का इलाज चल रहा है. घटना पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास एनएच-327ई पर बजरंगबली मंदिर के समीप हुई.

कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा:

रात के समय कई लोग सड़क किनारे बैठकर भजन-कीर्तन कर रहे थे. तभी एक अनियंत्रित कार तेज रफ्तार से आई और उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 50 मीटर आगे जाकर सड़क किनारे की एक दुकान में घुस गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.

तीन की मौके पर मौत, दो की अस्पताल में:

हादसे में तिलो दास (65), राजो दास (50) और सुरेंद्र यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई. तिलो दास और राजो दास वार्ड संख्या 12 के रहने वाले थे, जबकि सुरेंद्र यादव वार्ड संख्या 15 के निवासी थे. इसके अलावा भुवनेश्री यादव, रामचंद्र यादव और कृष्णा साह गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया. इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. एक घायल अभी भी अस्पताल में है.

मौत की खबर से अस्पताल में हंगामा:

पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक मातम का माहौल बन गया. इलाज के दौरान दो और मौतों की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे. मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को काबू में करने की कोशिश की.

पुलिस ने शुरू की जांच:

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और वह अनियंत्रित क्यों हुई. चालक की भूमिका और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है. प्रशासन पीड़ित परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने और आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है.