Patna News: बिहार में 'डॉग बाबू' के चक्कर में नप गए कई 'बाबू', राजनितिक बवाल के बाद रद्द हुआ सर्टिफिकेट
पटना के मसौढ़ी प्रखंड में 'डॉग बाबू' के नाम से जारी निवास प्रमाण पत्र के मामले ने जिला प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है.
Patna News: पटना के मसौढ़ी प्रखंड में 'डॉग बाबू' के नाम से जारी निवास प्रमाण पत्र के मामले ने जिला प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है. जिला मजिस्ट्रेट डॉ. त्यागराजन एसएम के कड़े निर्देशों के बाद इस प्रमाण पत्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है. इसके साथ ही इस मामले में शामिल आवेदक, कंप्यूटर ऑपरेटर और राजस्व अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह घटना न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता को भी रेखांकित करती है.
'डॉग बाबू' के निवास प्रमाण पत्र का मामला सामने आते ही पटना प्रशासन में हड़कंप मच गया. मसौढ़ी अंचल में इस फर्जी प्रमाण पत्र को तुरंत रद्द करने का आदेश दिया गया और मामले की गहन जांच शुरू की गई. जांच का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि आखिर इतनी बड़ी चूक किसकी लापरवाही से हुई. प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से उस आईटी सहायक को सेवामुक्त कर दिया, जिसने बिना दस्तावेजों की गहन जांच किए आवेदन को स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाया. मसौढ़ी के अंचल अधिकारी प्रभात रंजन ने पुष्टि की कि दोषी कर्मियों के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी और सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है.