PM मोदी के 12 साल पर सम्राट चौधरी ने खोला करोड़ों के निवेश का खजाना, लालू के लिए भी कही ये बात

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे होने पर बिहार के विकास का रोडमैप पेश किया. साथ ही लालू प्रसाद यादव को सरकारी आदेशों का सम्मान करने की नसीहत भी दी.

@samrat4bjp X Account
Km Jaya

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद में राज्य के विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया. इस दौरान उन्होंने बुनियादी ढांचे, औद्योगिक निवेश, हवाई संपर्क, पर्यटन और लंबित परियोजनाओं पर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी. साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव को लेकर भी टिप्पणी की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 11 नई टाउनशिप विकसित की जा रही हैं, जिनमें लगभग 6.45 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है. उन्होंने बताया कि इन टाउनशिपों के लिए सीमांकन का कार्य तेजी से चल रहा है और 15 सितंबर से जमीन पर विकास कार्य शुरू होने की संभावना है. उनका दावा है कि इन परियोजनाओं से राज्य के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी.


सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले वर्षों में बिहार में सड़क, बिजली, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है. उन्होंने बताया कि दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट के बाद कई नए एयरपोर्ट, एयरस्ट्रिप और हेलीपैड परियोजनाओं पर काम चल रहा है. 

सुल्तानगंज और सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है. इसके अलावा राजगीर, गया और मुजफ्फरपुर को जोड़ने वाली रैपिड रेल परियोजना पर भी गंभीरता से काम किया जा रहा है.

क्या है राज्य सरकार का लक्ष्य?

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने एक वर्ष पूरे होने तक पांच लाख करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश को धरातल पर उतारने का लक्ष्य रखा है. उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है. पहले निवेशकों को 33 से 34 अलग-अलग अनुमतियां लेनी पड़ती थीं, लेकिन अब 30 दिनों के भीतर सभी आवश्यक स्वीकृतियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है.

उन्होंने बताया कि राजगीर और मुंगेर में डिफेंस कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे तथा हर जिले में हवाई संपर्क स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा. राज्य में कई बड़े एक्सप्रेसवे और सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. गंगा नदी पर सात नए पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सात अन्य पुल निर्माणाधीन हैं.

राजनीतिक सवालों के जवाब में क्या कहा?

राजनीतिक सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने संकल्पों से कभी पीछे नहीं हटी है. उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को पार्टी की बड़ी उपलब्धियां बताया.

लालू प्रसाद यादव से जुड़े सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू बड़े नेता हैं और उन्हें बड़ा दिल दिखाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकारी आदेशों का पालन सभी को करना चाहिए क्योंकि लोकतंत्र में कोई भी पद स्थायी नहीं होता. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली लंबित परियोजनाओं की समीक्षा वह स्वयं करेंगे ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके.