US Israel Iran War

सोनपुर में मरीन ड्राइव की तर्ज पर बनेगा 'गंगा अंबिका पथ', बाबा हरिहरनाथ कॉरिडोर और हाईटेक टाउनशिप का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर में मरीन ड्राइव की तर्ज पर गंगा अंबिका पथ, बाबा हरिहरनाथ कॉरिडोर और हाईटेक टाउनशिप बनाने का ऐलान किया. सहयोग शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर भी कई बड़ी घोषणाएं की गईं.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

बिहार के सोनपुर में भी अब मरीन ड्राइव होगा. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को सोनपुर के डुमरी बुजुर्ग में सहयोग शिविर में पहुंचकर यह ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने सोनपुर के लिए विकास योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा- मेरा सोनपुर को गोद लेने का सपना साकार होने का वक्त आ गया है और अब यह सपना धरातल पर दिखेगा. सीएम ने कहा कि सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ कॉरिडोर, अत्याधुनिक टाउनशिप और चमचमातीं सड़कें व बेहतर स्वास्थ्य ‌सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि ये सब कोरी घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि पूरा रोड मैप भी तैयार हो चुका है.

क्या है सहयोग शिविर?

तमाम लोगों के लिए “सहयोग शिविर” नया टर्म हो सकता है. तो हम आपको बता दें कि यह टर्म एक तरह से समाधान शिविर के लिए इस्तेमाल किया गया है. बिहार सरकार ने पूरे सूबे में “सहयोग शिविर” की शुरूआत की है, इस शिविर में सभी विभागों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहते हैं और नागरिक अपनी किसी भी समस्या को इस शिविर के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं, पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के अलावा फरियादी हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी कॉल कर सकते हैं, तत्काल समस्या का समाधान किया जाएगा. बिहार सरकार इस कार्यक्रम की सीधे मॉनिटरिंग करेगी. किसी भी समस्या का 30 दिन में निस्तारण ने होने पर संबंधित अधिकारी के निलंबन का प्रावधान किया गया है.

शिक्षा-स्वास्थ्य के अलाा उद्योगों के लिए भी बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री ने डुमरी बुजुर्ग पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य के अलावा उद्योगों को लेकर भी घोषणाओं की झड़ी लगा दी. सम्राट चौधरी ने दावा किया है कि सोनपुर ऐसा जिला होगा कि जो भी बिह‌ार आएगा, सोनपुर देखने की इच्छा जरूर होगी. सोनपुर के गांव-गांव तक विकास की बयार बहेगी, इसके लिए बिहार सरकार मिशन मोड में काम कर रही है. बिहार के युवाओं को बिहार में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार सूबे में उद्योग लाने पर जोर दे रही है.

मरीन ड्राइव की तर्ज पर 'गंगा अ‌ंबिका पथ'

सीएम सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है कि पटना में बनाए गए मरीन ड्राइव की तर्ज पर सोनपुर में गंगा अंबिका पथ का निर्माण किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सोनपुर को आधुनिक शहर बनाने के लिए हाईटेक टाउनशिप के अलावा बाबा हरिहरनाथ कॉरिडोर भी विकसित किया जाएगा. प्रशासन जमीन का अध्रिगहण करेगा तो भूमि अधिग्रहण एक्ट के मुताबिक सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देगा.

शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का दावा

सीएम सम्राट चौधरी ने शिक्षा में बड़े बदलाव का दावा करते हुए कहा कि जुलाई से उन सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने की तैयारी हैं, जहां कॉलेज नहीं हैं. सरकार शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी बदलाव के लिए मिशन मोड में काम कर रही है और बिहार के सरकारी स्कूलों में एडमिशन के लिए नेताओं और अधिकारियों को भी पैरवी करवानी पड़ेगी.