भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत, आपस में टकराए टेंपो-बस और ट्रक; घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
भागलपुर: बिहार राज्य के भागलपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए. हादसा झंडापुर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव के पास दयालपुर और बगरी रेलवे ब्रिज के बीच हुआ.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस, मजदूरों से भरे मैजिक टेंपो (पिकअप वैन) और एक मिनी ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई.
आपस में टकराए 3 वाहन
जानकारी के मुताबिक, बगरी के पास स्थित एक ईंट भट्ठे से लगभग 15 मजदूर पिकअप वैन में सवार होकर झंडापुर की ओर लौट रहे थे. उसी दौरान बिहपुर से खरीक की दिशा में जा रही तेज गति की बस ने सामने से आ रहे वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रहा मिनी ट्रक भी इन वाहनों से जा भिड़ा. झटके से टेंपो में बैठे लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने वहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में एक महिला, दो पुरुष और एक बच्चे के शामिल होने की जानकारी सामने आई है.
घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (JLNMCH) मायागंज रेफर कर दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था.
राजमार्ग पर लगा जाम
सड़क पर घायल लोग तड़पते दिखाई दे रहे थे, कई लोगों के सिर और शरीर से खून बह रहा था. टेंपो पूरी तरह पिचक गया था और वाहन के पुर्जे दूर-दूर तक बिखरे पड़े थे. हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिससे राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया.
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल, पुलिस मृतकों की पहचान की पुष्टि और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है. प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार और राहत व्यवस्था का भरोसा दिलाया है.
और पढ़ें
- 18 फरवरी को शादी, 21 को बच्ची का जन्म, 60 साल के प्रिसिंपल बने पिता; 28 साल की टीचर से की थी शादी
- CM नीतीश कुमार की विधानसभा में फिसली जुबान, वीडियो में देखें कैसे गुस्से में गलती से बोल गए '2002' और फिर
- बिहार में पीएम आवास के लिए अयोग्य घोषित 35 लाख परिवारों को मिला बड़ा मौका, फिर से होगी जांच और बनेगी फाइनल लिस्ट