आज खत्म हो रही राबड़ी देवी के सरकारी बंगले की समय सीमा, नए ठिकाने को लेकर बढ़ी चर्चा

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने की समय सीमा आज समाप्त हो रही है. अधिकांश सामान कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में भेज दिया गया है.

Pinterest
Km Jaya

पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए दी गई समय सीमा आज समाप्त हो रही है. भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिस के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि तय समय के भीतर सरकारी बंगला खाली किया जाता है या नहीं. समय सीमा खत्म होने से पहले ही आवास से सामान हटाने का काम तेज कर दिया गया.

शनिवार को पूरे दिन 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास से घरेलू सामान शिफ्ट किया गया. अधिकतर सामान पटना के कौटिल्य नगर स्थित लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के निजी आवास में पहुंचाया गया. हालांकि इस निजी आवास में अभी निर्माण और अन्य जरूरी काम पूरी तरह पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद सामान का बड़ा हिस्सा वहीं भेज दिया गया है.

कहां होगीं शिफ्ट?

जानकारी के अनुसार राबड़ी देवी को आवंटित 39 स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास में अभी तक कोई सामान नहीं पहुंचाया गया है. ऐसे में यह साफ नहीं है कि परिवार वहां शिफ्ट होगा या किसी अन्य स्थान पर अस्थायी रूप से रहेगा.


राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि यदि आज 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास पूरी तरह खाली कर दिया जाता है, तो लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य कुछ समय के लिए तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में रह सकते हैं. हालांकि इस संबंध में परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

यदि तय समय तक खाली नहीं होता है तो क्या होगा एक्शन?

भवन निर्माण विभाग के नोटिस के बाद आवास खाली कराने की प्रक्रिया पर प्रशासन की नजर बनी हुई है. यदि तय समय तक सरकारी बंगला खाली नहीं किया जाता है, तो आगे की कार्रवाई विभाग के नियमों के अनुसार की जा सकती है. फिलहाल प्रशासन और राजनीतिक हलकों की निगाहें आज की गतिविधियों पर टिकी हुई हैं.

राबड़ी देवी लंबे समय तक 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रहती रही हैं. अब उनके नए ठिकाने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि परिवार की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वे स्थायी या अस्थायी रूप से कहां रहेंगे.