menu-icon
India Daily

राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस, एक हफ्ते में करना होगा शिफ्ट

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी को सरकार की तरफ से नोटिस दे दिया गया है.

Shilpa Shrivastava
राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस, एक हफ्ते में करना होगा शिफ्ट
Courtesy: Pinterest

पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी को सरकार की तरफ से नोटिस दे दिया गया है. उन्हें अपना मौजूदा सरकारी बंगला 10 सर्कुलर रोड, पटना एक हफ्ते के अंदर खाली करने को कहा गया है. अगर समय पर बंगला नहीं छोड़ा गया तो आगे कार्रवाई की जा सकती है. यह नोटिस बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की तरफ से जारी किया गया है.

कहां शिफ्ट होंगी राबड़ी देवी?

सूत्रों के अनुसार, राबड़ी देवी अब 39 हार्डिंग रोड स्थित दूसरे सरकारी बंगले में शिफ्ट होने वाली हैं. इस नए बंगले की एक खास बात है कि इसमें कई सालों से एक पुराना मंदिर मौजूद है, जिसे पहले के रहने वाले लोगों ने नहीं हटाया. इससे पहले मई 2026 के अंत में राज्य सरकार ने राबड़ी देवी को 15 दिन का समय दिया था, लेकिन अब नया नोटिस जारी कर सिर्फ 7 दिन का समय दिया गया है. यह मुद्दा बिहार में काफी चर्चा में है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

इस विवाद पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सरकारी बंगलों से ज्यादा लगाव नहीं रखना चाहिए. सम्राट चौधरी ने कहा, “कुछ लोग सरकारी घरों के लिए बहुत ज्यादा लगाव रखते हैं. मेरा बेटा अलग घर चाहता है, मेरी मां अलग घर चाहती है, मेरे पिता भी अलग घर चाहते हैं. लेकिन जिस दिन मेरी पार्टी और नेता कह देंगे कि मेरा काम खत्म हो गया, मैं 24 घंटे के अंदर अपना सामान पैक करके निकल जाऊंगा.”

मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जब पद संभाला, नीतीश कुमार ने तुरंत सरकारी बंगला खाली कर दिया. उन्होंने कहा, “मैं 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री बना और 1 मई को नीतीश कुमार ने अपना सरकारी आवास खाली करके दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया. उनके लिए शुक्रिया.” सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि पिछले 10 साल में वे कई बार मंत्री, डिप्टी सीएम और गृह मंत्री रह चुके हैं, लेकिन कभी सरकारी बंगले में नहीं रहे. वे सिर्फ 2400 स्क्वायर फीट के छोटे से घर में रहते आए हैं.