पत्नी ने पति को हासिए से काटकर बोरे में भर दी लाश... फिर जेल पहुंचकर कर दिया सरेंडर
बिहार के पूर्णिया में एक महिला ने पति की हत्या कर शव बोरे में भर दिया और 30 किमी दूर फेंक दिया. हैरानी की बात यह रही कि आरोपी खुद जेल पहुंचकर सरेंडर की मांग करने लगी.
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कसबा थाना क्षेत्र में एक पत्नी ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपने ही पति की हत्या कर दी है. मृतक की पहचान 45 साल के उमेश सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी का नाम सुनीता देवी बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो धीरे धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई.
गुस्से में आकर पत्नी ने घर में रखे धारदार हसुआ से पति पर हमला कर दिया. वार इतना खतरनाक था कि उमेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी महिला ने घबराने के बजाय बेहद सोच समझकर सबूत मिटाने की कोशिश की. उसने शव को बोरे में भरा और उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई.
30 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंका शव
हत्या के बाद सुनीता देवी ने शव को बोरे में बंद किया और करीब 30 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया. यह जगह अमौर थाना क्षेत्र के पलसा घाट पुल के पास बताई जा रही है. इस पूरी घटना से यह साफ होता है कि आरोपी ने अपराध के बाद साक्ष्य छुपाने की पूरी कोशिश की.
इस केस में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब आरोपी महिला खुद सेंट्रल जेल पहुंच गई. वहां जाकर उसने जेल अधिकारियों से कहा कि उसे तुरंत बंद कर दिया जाए. महिला की इस हरकत से जेल प्रशासन भी हैरान रह गया. इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.
पूछताछ में उगला पूरा सच
पुलिस ने जब महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने हत्या की पूरी कहानी बता दी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पलसा घाट इलाके से उमेश सिंह का शव बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने मृतक के पड़ोसी महेंद्र सिंह को भी हिरासत में लिया है. पुलिस को शक है कि शव को इतनी दूर ले जाकर फेंकने में किसी और व्यक्ति ने भी आरोपी की मदद की हो सकती है. फिलहाल इस एंगल से भी जांच जारी है.
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. लोग इस बात से हैरान हैं कि एक मामूली विवाद इतना बड़ा और खतरनाक रूप ले सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपति के बीच पहले भी कई बार झगड़े होते रहते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा.
और पढ़ें
- 'गेट बंद कर के मुझ पर हमला किया...', नालंदा में भीड़ ने महिला से की छेड़छाड़ और सड़क पर घसीटा; दो गिरफ्तार
- चेचक से मिलती है मुक्ति...चीनी ह्वेनसांग किया इसका जिक्र, जानें क्या है शीतला मंदिर का इतिहास जहां मची भगदड़
- नालंदा में दर्दनाक हादसा, मघड़ा शीतला मंदिर के भगदड़ में 5 से ज्यादा लोगों की मौत; कई घायल