SIT का गठन, FSL ने कलेक्ट किए सबूत... मुकेश सहनी के पिता की हत्या में क्या है अपडेट?
Mukesh Sahani Father Murder Case: बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या मामले में दरभंगा पुलिस एक्टिव हो गई है. मामले की जांच और खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. साथ ही घटनास्थल पर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड भी पहुंची और सबूत जुटाए हैं. फिलहाल, वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया है, इस संबंध में पड़ताल जारी है.
Mukesh Sahani Father Murder Case: बिहार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के चीफ मुकेश सहनी के पिता की हत्या मामले में पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है. अब तक अपडेट के बारे में पुलिस ने बताया है कि मामले में एसआईटी गठित की गई है. सीनियर अधिकारी घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं. सबूत जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है. बिहार पुलिस की ओर से किए गए एक एक्स पोस्ट में जानकारी दी गई है कि पटना से एसटीएफ और डॉग स्क्वॉड घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की.
वारदात आज यानी मंगलवार सुबह दरभंगा जिले की है. जानकारी के बाद सबसे पहले स्थानीय पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सीनियर अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. सूचना के बाद मामले के खुलासे के लिए दरभंगा के DIG की ओर से SIT की गठन किया गया. बिहार पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि आज सुबह बिरौल थाना को सूचना मिली कि मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या सुपौल बाजार स्थित घर में कर दी गई है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिरौल के एसडीपीओ, बिरौल थानाध्यक्ष और टेक्निकल सेल घटनास्थल पर पहुंची.
वारदात के खुलासे के लिए दरभंगा के ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में स्पेशल इन्विस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी की टीम में दरभंगा के ग्रामीण एसपी के अलावा, बिरौल के एसडीपीओ, थानाध्यक्ष और टेक्निकल सेल को शामिल किया गया है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके और वारदात के मकसद के बारे में जानकारी मिल सके.
घर के अंदर बिखरा था सामान, निर्मम तरीके से की हत्या
मंगलवार सुबह पुलिस की जानकारी मिली कि सन ऑफ मल्लाह यानी मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है. पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तो जीतन सहनी के पैतृक घर के अंदर उनकी लाश पड़ी थी, जबकि घर का सामान बिखरा पड़ा था. पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी के विरोध के बाद की गई हत्या लग रहा है. फिलहाल, न तो आरोपी के बारे में कोई ठोस जानकारी मिल पाई है और न ही हत्या के मकसद के बारे में कुछ पता चल पाया है.
कहा जा रहा है कि जीतन सहनी की पत्नी का निधन हो चुका है औऱ उनके तीन बच्चे (मुकेश सहनी, संतोष सहनी और एक बेटी) हैं. मुकेश सहनी राजनीतिक कारणों से अक्सर घर के बाहर रहते हैं, जबकि संतोष सहनी भी घर से बाहर ही रहते हैं. वहीं, बेटी की शादी हो चुकी है, जो अपने पति और ससुरालवालों के साथ मुंबई रहती है. इस कारण जीतन सहनी अपने पैतृक आवास में अकेले रहते थे.
घटना को लेकर बिहार की राजनीति भी गरमा गई है. एक और सत्ता पक्ष यानी नीतीश सरकार ने मामले की जांच और त्वरित कार्रवाई की बात कही है. साथ ही केंद्रीय नेताओं ने भी जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिया है. उधर, विपक्ष ने जीतन सहनी की हत्या के बाद एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने हत्या के बाद कहा कि बिहार में महाजंगलराज है. उन्होंने कहा कि अगर पूर्व मंत्री के पिता की हत्या हो जाती है, तो समझना आसान है कि बिहार की जनता भगवान के ही भरोसे है.